पहियों पर चलता हुआ किसी लग्जरी होटल का कमरा देखा है क्या? मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के फर्स्ट AC कोच की ऐसी शानदार तस्वीरें सामने आई हैं, जिनको देखने के बाद यात्री से लग्जरी होटल रूम बता रहे हैं. चलते-फिरते ये लग्जरी रूम देखकर आप ट्रेन के नॉर्मल सफर को भूल जाएंगे, जिसमें नॉर्मल बर्थ, तंग जगहें और गंदे टॉयलेट होते थे. नई वंदे भारत स्लीपर का फर्स्ट AC कोच अपने प्रीमियम डिजाइन, मॉडर्न केबिन और बेहतर अनुभव की वजह से यात्रियों का ध्यान खींच रहा है. यह आम ट्रेन के सफर जैसा नहीं है.
अब मिलेगा आरामदायक सफर
लग्जरी ट्रेन रूम के इस वीडियो को बीजेपी ने YouTube पर शेयर किया है. इस वीडियो में भारतीय रेलवे की ओर से रात भर की यात्रा के लिए किए लाए जा रहे बड़े अपग्रेड को देखा जा सकता है. वंदे भारत स्लीपर के फर्स्ट AC सेक्शन में यात्रियों के आराम का खास ध्यान रखा गया है. इसके हिसाब से ही प्राइवेट केबिन बनाए गए हैं. इसका इंटीरियर में साफ-सुथरा लेआउट, बेहतर लाइटिंग, प्रीमियम फिनिशिंग वाला है. ये कोच देखने में बहुत ही मॉडर्न है.
ट्रेन में छोटे होटल रूम का अनुभव
इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसकी जमकर तारीफ भी कर रहे हैं. कई लोग इसके केबिन की तुलना पहियों पर बने छोटे होटल रूम से कर रहे हैं. मौजूदा वंदे भारत ट्रेनों में ज्यादातर कम दूरी के रूट के लिए बनी चेयर-कार सर्विस मौजूद है. इसके उलट इस स्लीपर वर्जन को लॉन्ग रूट यात्रा के लिए बनाया गया है.
मुंबई-बेंगलुरु रूट पर चलने वाली इस ट्रेन से सबसे ज्यादा फायदा उन यात्रियों को होने की उम्मीद है जो इन दो बड़े शहरों के बीच रात भर सफर करते हैं. इससे उनको ज्यादा आरामदायक सफर का विकल्प मिल जाएगा.
इसकी खास खूबियां
वंदे भारत स्लीपर के फर्स्ट AC सेक्शन में सोने की बढ़िया व्यवस्था के अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े अपग्रेड किए जा सकते हैं, जैसे, बेहतर टॉयलेट, अच्छी लाइटिंग, इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम और CCTV जैसी सुरक्षा सुविधाएं. इस ट्रेन को भारतीय रेलवे की उस बड़ी पहल के हिस्से के तौर पर भी देखा जा रहा है, जिसका मकसद आधुनिक ट्रेनों के जरिए लॉन्ग रूट के सफर का एक्सपीरियंस बदलना है. इन ट्रेनों में स्पीड के साथ ही आराम और बेहतर ऑन-बोर्ड सुविधाएं होंगी. स्लीपर वैरिएंट का मकसद वंदे भारत के एक्सपीरियंस को उन रूटों तक पहुंचाना है, जहां यात्री आम तौर पर रात भर चलने वाली ट्रेनों पर निर्भर रहते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं