- बेंगलुरु के एक बिजनेसमैन के घर में एक महीने पहले काम पर लहे नौकरों ने 25 लाख रुपये चुरा लिए
- नेपाली जोड़े ने पहले घर की रेकी की और फिर चाबियों की जगह पता करके बड़ी रकम पर हाथ साफ कर लिया
- पुलिस ने बेंगलुरु छोड़ने से पहले नेपाली जोड़े को धर दबोचा और उसके पास से चोरी की रकम भी जब्त कर ली
लगता है कि बेंगलुरु के एक बिजनेसमैन ने अपने घर में नेपाली जोड़े को काम पर रखकर बड़ी गलती कर दी. परिवार ने जोड़े को एक महीने पहले ही काम पर रखा था. वो कहां जनते थे कि काम की आड़ पर ये नेपाली जोड़ा उनके घर का भेद ले रहा है. काम के बहाने दोनों की नजर इस बात पर थी कि कैश कहां रखा है, अलमारी की चाबियां कहां रखी हैं. ये सब जानकारी जुटाते ही उन्होंने बड़ी रकम पर हाथ साफ करने की प्लानिंग कर डाली.
हाउस हेल्प ने रेकी कर घर से उड़ाई बड़ी रकम
बिजनेसमैन ने कुछ ही दिन पहले अपने कर्मचारियों को सैलरी देने के लिए बैंक से 25 लाख रुपये निकाले थे. इतनी बड़ी रकम उन्होंने घर की अलमारी में संभाल कर रख दी. घर में काम करने वाले नौकरों ने इसे भी भांप लिया. बस फिर क्या था. एक दिन मालिक घर से बाहर गए. घर में ये नेपाली जोड़ा अकेला था. उनको लगा कि बस यही वो परफेक्ट टाइम है जब वह अपने मंसबूों को अंजाम दे सकते हैं.

बस फिर क्या था, दोनों पति-पत्नी लग गए काम पर. उन्होंने कैश वाली अलमारी की चाबी दूसरी अलमारी से ढूंढ ली. ताला खोला और 25 लाख रुपयों से भरा बैग लेकर रफूचक्कर हो गए. बिजनेसमैन परिवार जब घर लौटा तो नौकरों को घर में न देखकर उनको शक हुआ. उन्होंने अलमारी चेक की तो उसमें से 25 लाख रुपये गायब थे.

पुलिस ने 25 लाख के साथ नौकरों को धर दबोचा
उन्होंने तुरंत अमृतहल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया. पुलिस ने तुरंत तलाशी शुरू की और दोनों को बेंगलुरु से भागने से पहले ही धर दबोचा. पुलिस ने उनके पास से चोरी के पूरे 25 लाख रुपये भी बरामद कर लिए. जांचकर्ताओं को शक है कि यह जोड़ा नेपाल से आया था. चोरी करने के इरादे से ही कम सैलरी पर घरेलू काम करता था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन बिस्टा और सीता बिस्टा के तौर पर हुई है. पुलिस केस दर्ज कर उनकी कुंडली खंगाल रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं