- BCI चेयरमैन मनन मिश्रा ने कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है.
- उनका कहना है कि जो अभिजीत दीपके और सौरव दास चाहते हैं, वहीं हम भी चाहते हैं.
- किसी तरह का कोई टकराव नहीं है. बातचीत के लिए तैयार हूं, मैं कतराता नहीं हूं.
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) और NALSAR यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच हुए विरोध का कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने विरोध जताया था. सीजेपी के अभिजीत दीपके और सौरव दास ने मनन मिश्रा का इस्तीफा मांगा था. जिस पर उनकी प्रतिक्रिया आई है. मनन मिश्रा का कहना है 'वह अभिजीत दीपके और सौरव दास से बातचीत के लिए तैयार हैं, वह कतराते नहीं है. जो सीजेपी के लीडर्स चाहते हैं, हम भी वही चाहते हैं, क्योंकि छात्रों का हित सबसे ऊपर है. बार काउंसिल और छात्र अधिकार कार्यकर्ताओं के बीच हितों का कोई टकराव नहीं है, क्योंकि दोनों का उद्देश्य एक ही है, देश के युवाओं और कानून के छात्रों के अधिकारों की रक्षा करना.'
छात्रों का हित सबसे पहले: मनन मिश्रा
BCI के अध्यक्ष ने कहा 'मैं अभिजीत दीपके और सौरव दास को यह संदेश देना चाहता हूं कि हमारे हित वही हैं जो उनके हैं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन के रूप में मेरी जिम्मेदारी है कि कानून के छात्रों के हितों की रक्षा करूं, कल एक आदेश जारी हुआ था, बाद में काउंसिल ने फैसला लिया कि यह आदेश छात्रों के हित में नहीं है, इसलिए उसे वापस ले लिया गया, कोई जांच नहीं होगी. इसलिए अभिजीत दीपके हो या सौरव दास हो उनको मैं बताना चाहता हूं कि छात्रों के हितों में कहीं कोई दिक्कत नहीं है. छात्रों के हितों की रक्षा के लिए मैं हूं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया है और इसके सदस्य हैं. छात्र सबसे ऊपर हैं. जरूरत पड़ी तो मैं सीजेपी के लीडर्स से भी बात करूंगा, मैं बात करने से नहीं कतराता. जो बातें हैं, उनको मैं एक्सप्लेन करूंगा.'
#WATCH | Delhi | Chairman, Bar Council of India and MP, Manan Kumar Mishra says, "The Bar Council of India aims to protect the interests of the youth of India. I want to communicate to Abhijeet Dipke and Das (Sourav Das) that our interests are the same as theirs, to protect the… pic.twitter.com/NEFQCwij6g
— ANI (@ANI) August 14, 2026
'14 करोड़ वाली बात मुझे नहीं पता'
वहीं 14 करोड़ रुपए खर्च होने वाले आरोप पर मनन मिश्रा ने कहा '14 करोड़ वाली बात मुझे नहीं पता, हमारे यहां कुछ सेमिनार होते हैं, जो बार काउंसिल ऑफ इंडिया की तरफ से होते हैं. 14 करोड़ कहां खर्च हुए, ये मुझे नहीं पता. लेकिन अगर कहीं कम्युनिकेशन गैप है तो सौरव दास हों, दीपके हों. उन लोगों से बात करके अगर कुछ एक्सप्लेन करना है तो वह किया जा सकता है.'
CJP ने किया था मनन मिश्रा का विरोध
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी. क्योंकि BCI ने नालसर (NALSAR) लॉ यूनिवर्सिटी के 2026 बैच के छात्रों के वकील के रूप में नामांकन पर रोक लगाने का आदेश दिया था. हालांकि यह फैसला वापस ले लिया गया था. लेकिन इसका CJP ने विरोध किया था. अभिजीत दीपके और सौरव दास का तर्क था कि छात्रों को भारत के मुख्य न्यायाधीश का दीक्षांत समारोह का मुख्य अतिथि बनाए जाने के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी असहमति जताने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है. छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता. CJP ने इस्तीफे की मांग की थी. जिस पर मनन मिश्रा ने अब जबाव दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं