बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मंगलवार को इंडिगो की एक फ्लाइट में धुआं दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई. चेन्नई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 6017 जब रनवे की ओर टैक्सी कर रही थी, तभी विमान के अंदर धुआं नजर आया. स्थिति को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी कदम उठाते हुए यात्रियों और क्रू को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया.
इंडिगो का आधिकारिक बयान
इंडिगो एयरलाइन्स ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, '26 मई 2026 को बेंगलुरु से चेन्नई जाने वाली फ्लाइट 6E 6017 रनवे की ओर बढ़ रही थी, तभी विमान में धुआं दिखाई दिया. सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत इमरजेंसी इवैक्यूएशन किया गया और संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया. सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं.'
More footage of the incident. pic.twitter.com/XDWyTQTBUb
— Gagan Choudhary (@Ganikgagan) May 26, 2026
एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्रियों को वापस टर्मिनल लाया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है.
दूसरी फ्लाइट का किया इंतजाम
इंडिगो के मुताबिक, यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर दी गई है, जो जल्द ही रवाना होगा. इंतजार के दौरान यात्रियों को रिफ्रेशमेंट भी दिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो.
यह भी पढ़ें- दलाल ने बांग्लादेश से भारत लाकर छोड़ा, अकेला पाकर सरेंडर करने पहुंचा दीन इस्लाम, वापस भेजने की लगाई गुहार
'सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता'
एयरलाइन ने अपने बयान में दोहराया कि हमारे लिए यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है. फिलहाल, धुआं उठने के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर किसी बड़ी तकनीकी खराबी की पुष्टि नहीं हुई है.
जांच के बाद सामने आएगी वजह
एयरपोर्ट और एविएशन से जुड़े अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं. आग या धुएं के कारण का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं