भारत के विदेश मंत्रालय ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे कमर्शियल जहाज पर हमले की जानकारी दी है. MEA ने बयान जारी कर बताया कि ओमान तट के पास होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे पनामा के झंडे वाले जहाज 'एमटी ऑन पीस' (आईएमओ 9893204) पर मंगलवार को हमला किया गया. जहाज पर सवार 19 सदस्यीय चालक दल में 17 भारतीय नागरिक थे, जिनमें से कुल 12 घायल हो गए. इनमें से 11 भारतीय नाविक थे.
भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई है. विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, "होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल आकर लगा. हमले में 12 चालक दल के सदस्य घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय नागरिक हैं."
इसमें आगे बताया गया कि ओमानी अधिकारियों की सहायता से सभी घायल चालक दल के सदस्यों को जहाज से निकालकर सुरक्षित रूप से ओमान के खासाब ले जाया गया, जहां उन्हें चिकित्सा उपचार दिया जा रहा है. भारत ने इस दौरान मदद के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार जताया है.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर हमलों की लगातार हो रही घटनाएं भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं. भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपनी अपील दोहराई. बयान में कहा गया, "क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने का सिलसिला समाप्त होना चाहिए. साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के जरिए नौवहन और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना जरूरी है."
होर्मुज वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है. यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है. भारत ने स्पष्ट किया है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित नौवहन और निर्बाध वाणिज्यिक गतिविधियां सुनिश्चित किया जाना क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए जरूरी है.
आईएएनएस के इनपुट के साथ
ये भी पढें : ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं, जनप्रतिनिधि EC से नहीं मिल सकते, तो ये कैसा लोकतंत्र? मार्च रोके जाने पर बोले राहुल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं