Indian Oil Ships: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और सबसे अहम समुद्री रूट होमुर्ज स्ट्रेट की करीब लगातार हो रहे हमलों के बीच भारत की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल (IOC) ने बड़ा फैसला लिया है. अब कंपनी कच्चे तेल और रसोई गैस (LPG) के इंपोर्ट के लिए अपने जहाज खरीदने की तैयारी कर रही है. इसका मकसद तेल और गैस की सप्लाई को मजबूत करना और दूसरे देशों में चल रहे तनाव के कारण होने वाली रुकावटों से बचना है.बता दें कि होमुर्ज संकट की वजह से जहाजों का शिपिंग कॉस्ट भी तेजी से बढ़ा है. ऐसे में IOC खुद के जहाजों के जरिए इंपोर्ट का खर्च कम करने की तैयारी में है.
खुद के जहाज खरीदने के लिए जारी किए टेंडर
इंडियन ऑयल के डायरेक्टर (फाइनेंस) अनुज जैन ने कंपनी की 31 अक्टूबर की अर्निंग्स कॉल में बताया कि कुछ महीने पहले ही कई जहाज खरीदने के लिए टेंडर जारी किए गए थे. फिलहाल कंपनी के पास टाइम चार्टर पर तीन क्रूड ऑयल टैंकर और नौ LPG कैरियर हैं. इन जहाजों की मदद से कंपनी को पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान बढ़ते शिपिंग खर्च से राहत मिली है.
LPG जहाजों का भाड़ा 4 गुना बढ़ा
पश्चिम एशिया के तनाव का असर समुद्री रास्तों से होने वाली सप्लाई पर भी पड़ा है. खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर हमलों के कारण चिंता बढ़ी है. सामान्य हालात में दुनिया के करीब 20% एनर्जी एक्सपोर्ट इसी रास्ते से होते हैं.इसका असर LPG की ढुलाई पर भी पड़ा है. पहले LPG जहाजों का स्पॉट भाड़ा करीब 40 डॉलर प्रति टन था, जो अब बढ़कर 160-180 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गया है.
भारत में भी जहाज बनाने की तैयारी
IOC सिर्फ तैयार जहाज खरीदने नहीं जा रही है.बल्कि कंपनी भारत में ही जहाज बनवाने के ऑप्शन भी तलाश रही है. इसके लिए मेक इन इंडिया योजना के तहत भारतीय शिपयार्ड को ऑर्डर देने पर विचार किया जा रहा है. इससे पहले भी कंपनी ने शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और दूसरी सरकारी तेल कंपनियों के साथ मिलकर चार मीडियम रेंज जहाज खरीदने की योजना पर काम किया था.
लंबे कॉन्ट्रैक्ट से बचा रही कंपनी का पैसा
कंपनी के पास पहले से लंबे समय के शिपिंग कॉन्ट्रैक्ट हैं. इनके कारण भाड़े में तेज उछाल के बावजूद IOC का खर्च काबू में रहा है. क्रूड ऑयल की ढुलाई के लिए कंपनी करीब 2-2.50 डॉलर प्रति बैरल देती है, जबकि स्पॉट मार्केट में यही खर्च बढ़कर 8-10 डॉलर प्रति बैरल हो गया है.यमन के तटीय इलाकों में हूती विद्रोहियों के नियंत्रण और लाल सागर में बढ़ते खतरे से समुद्री सप्लाई की मुश्किलें और बढ़ी हैं.
रूस, वेनेजुएला और अफ्रीका से बढ़ाया तेल का इंपोर्ट
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में रुकावटों के बीच IOC ने कच्चे तेल के इंपोर्ट के लिए दूसरे देशों का रुख भी किया है. कंपनी रूस, वेनेजुएला, ब्राजील और अफ्रीकी देशों से ज्यादा तेल खरीद रही है.वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी की करीब 87% क्रूड खरीद स्पॉट मार्केट से हुई, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा करीब 50% था. इस दौरान रूस से करीब 55% और पश्चिम एशिया से लगभग 24% तेल खरीदा गया.
120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा क्रूड
अनुज जैन के मुताबिक, फरवरी में ईरान युद्ध शुरू होने से पहले भारतीय क्रूड बास्केट की कीमत 65-70 डॉलर प्रति बैरल थी. मार्च में यह 100 डॉलर के पार पहुंच गई और अक्टूबर में औसतन करीब 120 डॉलर प्रति बैरल रही.खर्च कम करने के लिए कंपनी रूस से ज्यादा तेल खरीदने के साथ वेनेजुएला से सस्ता भारी क्रूड भी मंगा रही है. इसे ओडिशा के पारादीप रिफाइनरी में प्रोसेस किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें | Bank Holiday Today: दिवाली के बाद आज बैंक खुला है या बंद? 9, 10 और 11 नवंबर को कहां-कहां बैंक की छुट्टी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं