Assam Election Result, Top 10 Seat Chunav Result: असम में एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी आसानी से सरकार बना रही है. बीजेपी अपनी झोली में सीटों की सेंचुरी डालते हुए नजर आ रही है. इस बीच सबकी नजरें उन 10 “हॉट सीटों” पर टिकी हैं, जहां मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है. 722 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में बंद है, वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच 35 जिलों के 40 काउंटिंग सेंटरों पर की जा रही है. कई सीटों पर पुराने चेहरे और नए समीकरण मुकाबले को और दिलचस्प बना रहे हैं, जिससे नतीजे आखिरी राउंड तक रोमांचक बने रह सकते हैं.
हॉट 10 सीटों का हाल
1- जलुकबारी
इस सीट पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की जीत एक तरह से तय ही है. इस हाई-प्रोफाइल सीट पर हिमंता 50 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं. कांग्रेस ने यहां बिदिशा नेओग को मैदान में उतारा है जो 2 नंबर पर हैं. 2021 में सरमा ने 73% से ज्यादा वोट लेकर बड़ी जीत हासिल की थी. हिमंता लगातार 25 साल से यहां से विधायक हैं. उन्होंने अपना पहला चुनाव 2001 में इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था.
2- जोरहाट
इस सीट पर कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. यहां से पार्टी से असम अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई 23 हजार वोटों से हार गए हैं. उन्हें बीजेपी के हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने मात दी है. 2021 में भी हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने कांग्रेस के राणा गोस्वामी को बहुत कम अंतर से हराया था.
3- नाजिरा
इस सीट से बीजेपी के मयूर बोर्गोहेन 26 हजार वोट से आगे चल रहे हैं. दूसरे नंबर पर कांग्रेस के देबब्रत सैकिया हैं. यह कांग्रेस की मजबूत सीट मानी जाती है क्योंकि विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया यहां से आते हैं. 2021 में बहुत कम अंतर से जीत मिली थी, इसलिए इस बार भी कड़ा मुकाबला है.
4- बर्चल्ला
इस सीट से अभी बीजेपी के रितु बरन सरमा आगे चल रहे हैं जबकि कांग्रेस के रिपुन बोरा दूसरे नंबर पर हैं. यहां बीजेपी के गणेश कुमार लिम्बू 2016 से जीतते आ रहे हैं. लेकिन इस बार रिपुन बोरा के आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
5- कालियाबोर
2023 की नई सीमा निर्धारण (डिलिमिटेशन) के बाद यह अहम सीट बनी है. असम गण परिषद के केशव महंता ने पिछली बार जीत हासिल की थी, और इस बार भी आगे चल रहे हैं. दूसरे नंबर पर जितेन गौर हैं जो निर्दलीय उम्मीदवार हैं.
6- दिसपुर
राजधानी क्षेत्र की अहम सीट है. कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए प्रद्युत बोरदोलोई सबसे आगे चल रहे हैं. बीजेपी यहां मजबूत रही है, अतुल बोरा ने 2016 और 2021 दोनों में शानदार जीत हासिल की थी. यहां दूसरे नंबर पर कांग्रेस के मीरा बोरठाकुर गोस्वामी हैं.
7- सिवसागर
यह सीट अलग राजनीति के लिए जानी जाती है. रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई ने 2021 में बीजेपी को हराया था. इस बार भी अखिल गोगोई सबसे आगे चल रहे हैं. दूसरे नंबर पर बीजेपी के कुशल दोवारी हैं.
8- रूपहिहाट
2021 में कांग्रेस के नुरुल हुदा ने बड़ी जीत हासिल की थी और इस बार भी सबसे आगे हैं. दूसरे नंबर पर एआईयूडीएफ के अमीनुल इस्लाम हैं.
9- गोलाघाट
अब यह सीट काजीरंगा लोकसभा सीट का हिस्सा है. 2021 में बीजेपी की अजयता नेओग ने जीत दर्ज की थी और इस बार भी वह सबसे आगे हैं. दूसरे नंबर पर कांग्रेस की बिटुपन सैकिया हैं.
10- बोकाखाट
यह असम गण परिषद की मजबूत सीट है. अतुल बोरा ने 2021 में आराम से जीत दर्ज की थी, और इस बार भी जीत की ओर हैं. दूसरे नंबर पर रायजोर दल के नेता हरि प्रसाद सैकिया हैं.
असम चुनाव एक नजर में
अगर बीजेपी जीतती है, तो यह उसकी लगातार तीसरी जीत होगी. 2016 में बीजेपी ने 15 साल की कांग्रेस सरकार को हटाकर पहली बार सत्ता हासिल की थी. इस बार यानी 2026 के चुनाव में यहां 85% से ज्यादा मतदान हुआ है. कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं.
- कांग्रेस: 99 उम्मीदवार
- बीजेपी: 90 उम्मीदवार
- एआईयूडीएफ: 30 उम्मीदवार
- एजीपी: 26 उम्मीदवार
- बीपीएफ: 11 उम्मीदवार
अन्य दलों में राइजर दल, असम जातीय परिषद, सीपीआई(एम) और अन्य शामिल हैं. आम आदमी पार्टी और यूपीपीएल ने 18-18 सीटों पर चुनाव लड़ा है, टीएमसी ने 22 और जेएमएम ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. इसके अलावा 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं.
यह भी पढ़ें: असम में बीजेपी की ‘हैट्रिक' या कांग्रेस की वापसी, लाइव रिजल्ट यहां देखें और पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं