विज्ञापन

Bengal Election Result LIVE: भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी से आगे शुभेंदु अधिकारी, बंगाल की वो 20 VIP सीटें, जहां कांटे का मुकाबला

Bengal Election Result 2026 LIVE Updates: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम की बात करें तो सबकी निगाहें भवानीपुर सीट पर हैं, जहां ममता बनर्जी के मुकाबले में उनके शागिर्द रहे शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं. जानिए बंगाल की वीआईपी सीटों का हाल.

Bengal Election Result LIVE: भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी से आगे शुभेंदु अधिकारी,  बंगाल की वो 20 VIP सीटें, जहां कांटे का मुकाबला
Bengal Election Results 2026 LIVE: बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम
कोलकाता:

Bhowanipore Election Result LIVE Updates: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान के बाद आज 293 सीटों के चुनाव परिणाम आएंगे. इसमें सबसे बड़ा मुकाबला भवानीपुर विधानसभा सीट का है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुकाबले में बीजेपी नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार शुभेंदु अधिकारी रुझानों में आगे निकल गए हैं. शुभेंदु अधिकारी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हरा दिया था. इस बार उन्होंने कोलकाता में ममता बनर्जी की पारंपरिक सीट भवानीपुर में ताल ठोंक दी है. वहीं तृणमूल कांग्रेस के कई मंत्री फिरहाद हकीम, उदयन गुहा आदि को भी बीजेपी से कड़ी टक्कर मिल रही है.

भवानीपुर विधानसभा सीट चुनाव परिणाम

भवानीपुर (Bhowanipore) पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (TMC) अपनी चौथी जीत के लिए मैदान में हैं. ममता के खिलाफ भवानीपुर (Bhabanipur)से मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सीनियर और नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी हैं. सुवेंदु कभी ममता बनर्जी के खास सहयोगी थे और फिर भाजपा में चले गए थे. 

कोलकाता पोर्ट सीट 

कोलकाता पोर्ट (Kolkata Port) सीट से तृणमूल सरकार के शहरी विकास एवं नगरपालिका कार्य मंत्री फिरहाद हकीम चुनाव मैदान में हैं. फिरहाद हकीम ममता बनर्जी के बेहद भरोसेमंद नेता हैं. भाजपा ने इस सीट से राकेश सिंह को मैदान में उतारा है. 

दिनहाटा विधानसभा चुनाव परिणाम

दिनहाटा विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उदयन गुहा का मुकाबला बीजेपी के अजय रॉय से है. उदयन ममता बनर्जी के बेहद करीबी माने जाते हैं. कांग्रेस प्रत्याशी अली इमरान रम्ज टीएमसी की मुसीबत बढ़ा रहे हैं. उत्तर बंगाल की यह सीट रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है. 

मेकलीगंज विधानसभा चुनाव परिणाम

मेकलीगंज विधानसभा सीट से टीएमसी के पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री परेश अधिकारी चुनाव मैदान में है. परेश अधिकारी का मुकाबला भाजपा के दधिराम रॉय और कांग्रेस की इला रानी रॉय से है. तृणमूल ने इस सीट पर पूरी ताकत झोंक रखी है. 

दमदम विधानसभा चुनाव परिणाम

बंगाल की दमदम विधानसभा सीट पर टीएमसी सरकार के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु चुनाव लड़ते आ रहे हैं. वो एक बार फिर दमदम से चुनावी मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा उम्मीदवार अरिजीत बख्शी (Arijit Bakshi) से है. 41 साल के अरिजीत उलटफेर कर सकते हैं. 

ये भी पढ़ें - Election Results 2026 LIVE: बंगाल के रुझानों में TMC से आगे निकली बीजेपी, भवानीपुर में भी शुभेंदु अधिकारी ने ममता को पछाड़ा

कूचबिहार विधानसभा चुनाव परिणाम

कूचबिहार उत्तर विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के पार्थ प्रतिम रॉय, भाजपा के प्रत्याशी सुकुमार रॉय और सीपीएम के प्रणय कारजी मैदान में हैं. इस सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के कई अन्य बड़े नेताओं की रैली हुई हैं. 

डायमंड हार्बर विधानसभा चुनाव परिणाम

डायमंड हार्बर विधानसभा सीट पर टीएमसी ने पन्नालाल हालदार को मैदान में उतारा है. ये विधानसभा ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के क्षेत्र में आती है.बीजेपी ने दीपक कुमार हल्दर, कांग्रेस से गौतम भट्टाचार्य और सीपीएम से समर नैया मैदान में हैं. इस सीट पर एक दशक से तृणमूल कांग्रेस का कब्जा है.

ये भी पढ़ें - Kerala Election Results 2026 LIVE: केरल में कांग्रेस का धमाका, 13 में से 8 सीटों पर आगे, बीजेपी भी एक सीट पर आगे

बालीगंट विधानसभा सीट

बालीगंज विधानसबा सीट पर टीएमसी ने सोभनदेब चट्टोपाध्याय को चुनाव मैदान में उतारा है. वो ममता बनर्जी सरकार में संसदीय कार्य मंत्री पद पर है. यहां बीजेपी प्रत्याशी डॉ. शतरूपा हैं. ये कोलकाता लोकसभा सीट के तहत आती है. सोभनदेव ने 2021 में भवानीपुर से जीत दर्ज की थी.

सिंगूर विधानसभा चुनाव परिणाम

सिंगूर विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस से बेचाराम मन्ना मैदान में हैं. 2021 के बंगाल विधानसभा चुनावों में भी मन्ना ने BJP के रवींद्रनाथ भट्टाचार्य को 26 हजार वोटों से हराया था. भाजपा ने यहां से अरुप कुमार दास को मैदान में उतारा है.

नंदीग्राम विधानसभा चुनाव परिणाम

नंदीग्राम विधानसभा चुनाव परिणाम 2026 LIVE: नंदीग्राम में बीजेपी ने सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) को फिर से प्रत्याशी बनाया है. टीएमसी ने भाजपा के बागी प्रत्याशी पवित्र कर को प्रत्याशी बनाया है. नंदीग्राम सीट पर 2021 के विधानसभा चुनाव परिणाम में शुभेंदु अधिकारी ने जीत पाई थी. हालांकि सिर्फ दो हजार वोटों से वो ममता बनर्जी के मुकाबले जीते थे.  बीमल कुमार मैती और अली मोहम्मद साबे मिराज खान (ISF) भी मैदान में हैं.

माथाभांगा विधानसभा चुनाव परिणाम

बंगाल की माथाभांगा सीट से तृणमूल कांग्रेस के साबलू बर्मन मुकाबले में हैं. जबकि उनके खिलाफ बीजेपी के कूचबिहार सांसद निशीथ प्रामाणिक मुकाबला कर रहे हैं. सीपीएम ने यहां खगेन वर्मन को टिकट दिया था. निशीथ प्रामाणिक के खुद मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प है. 

बेलेघाटा विधानसभा चुनाव परिणाम

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता कुणाल घोष कोलकाता की बेलेघाटा (Beleghata) विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं. कुणाल घोष का सीधा मुकाबला भाजपा के पार्थ चौधरी (Partha Chaudhury) से है. माकपा से परमिता रॉय और कांग्रेस से शाहिना जावेद मैदान में हैं. 

सोनारपुर दक्षिण विधानसभा चुनाव परिणाम

महाभारत में द्रौपदी का रोल करने वालीं और भाजपा (BJP) नेता रूपा गांगुली दक्षिण 24 परगना जिले की सोनारपुर दक्षिण (Sonarpur Dakshin) विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं.  रूपा गांगुली का मुकाबला टीएमसी विधायक और अभिनेत्री अरुंधति मैत्र (Lovely Maitra) से है.  बंगाल में माकपा (CPM) से परमिता दासगुप्ता भी मुकाबले में हैं.

श्यामपुकुर विधानसभा चुनाव परिणाम

ममता बनर्जी सरकार में मंत्री डॉ. शशि पांजा कोलकाता की श्यामपुकुर (Shyampukur) विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं. BJP ने यहां पूर्णिमा चक्रवर्ती (Purnima Chakraborty) को मैदान में उतारा है. शशि पांजा इस सीट से विधायक हैं और उन्होंने 2021 के चुनाव में भाजपा के संदीपान विश्वास को लगभग 22520 वोटों  से हराया था. श्यामपुकुर कोलकाता की एक सामान्य (General) श्रेणी की सीट है.

आसनसोल दक्षिण विधानसभा चुनाव परिणाम

भाजपा की प्रमुख नेता और फैशन डिजाइनर अग्निमित्रा पॉल आसनसोल दक्षिण (Asansol Dakshin) विधानसभा सीट से विधायक हैं. इस बार अग्निमित्रा पॉल का सीधा मुकाबला टीएमसी के तापस बनर्जी (Tapas Banerjee) से है. तापस बनर्जी 2016 में इस सीट से विधायक रह चुके हैं. 

खड़गपुर सदर विधानसभा चुनाव परिणाम

बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष (Dilip Ghosh) खड़गपुर सदर (Kharagpur Sadar) सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. उनका सीधा मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रदीप सरकार (Pradip Sarkar) से है. दिलीप घोष इसी सीट से 2016 में विधायक रह चुके हैं,  2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन 2026 में वे अपनी पुरानी सीट पर वापसी के लिए मैदान में हैं.

नोआपाड़ा विधानसभा चुनाव परिणाम

नोआपाड़ा (Noapara) विधानसभा सीट से  अर्जुन सिंह (Arjun Singh) का मुकाबला टीएमसी के युवा छात्र नेता तृणांकुर भट्टाचार्य (Trinankur Bhattacharya) से है. इस सीट पर वाम मोर्चा की ओर से सीपीआई(एम) की गार्गी चटर्जी भी मैदान में हैं. अर्जुन सिंह के बेटे पवन सिंह भी भाजपा के टिकट पर पड़ोसी सीट भाटपाड़ा (Bhatpara) से चुनाव लड़ रहे हैं. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com