विज्ञापन

''शरीर पर चोट थी, होठ सूजे हुए और हाथ बांधे गए थे, मेरी बेटी से गैंगरेप हुआ''-पिता ने मांगा हिमंता से इंसाफ

असम के गुवाहाटी में यूनिवर्सिटी की एक छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है.मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की बेरहमी से पिटाई की गई और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया. उनका कहना है कि उन्होंने बेटी के शव पर चोट के निशान देखे हैं. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

''शरीर पर चोट थी, होठ सूजे हुए और हाथ बांधे गए थे, मेरी बेटी से गैंगरेप हुआ''-पिता ने मांगा हिमंता से इंसाफ
गुवाहाटी:

असम के गुवाहाटी के बाहरी इलाके के एक होमस्टे में यूनिवर्सिटी की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. लड़की के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या से पहले उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था. पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. जिस होमस्टे में यह छात्रा ठहरी थी, उसके मालिक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. 

मृतका के पिता ने क्या आरोप लगाए हैं

मृतका के पिता ने मीडिया से कहा,''यह सामूहिक बलात्कार का मामला है, क्योंकि मेरी बेटी के शरीर पर कई निशान हैं. हत्या से पहले उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया. हम अपनी बेटी के लिए न्याय चाहते हैं. मेरी बेटी को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया है. जिन लोगों ने उसके साथ ऐसा किया, उन्हें जिंदा नहीं रहना चाहिए. मैंने अपनी बेटी के शव पर चोट और संघर्ष के निशान देखे हैं.''

उन्होंने बताया कि दोपहर करीब दो बजे उनकी बेटी ने अपनी मां को फोन किया था. इस दौरान उसने कहा था कि उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई है. इसके बाद फोन कट गया. पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को रस्सियों से बांधा गया था और उसके हाथों पर भी निशान थे. उन्होंने कहा कि शरीर पर मौजूद निशानों से पता चलता है कि हत्या से पहले उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया गया था.

मृतका के पिता ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से इस मामले की उचित जांच कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ इस तरह की अमानवीय हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

पुलिस ने क्या जानकारी दी है

यह छात्रा का शनिवार को गुवाहाटी के रुद्रा किचन नाम के एक होमस्टे में बेहोशी की हालत में मिली थी. पुलिस ने इस मामले में 26 साल के आशिक अली को गिरफ्तार किया है. होमस्टे के मालिक जयंत चाकी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.

गुवाहाटी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (वेस्ट) बोलिन देओरी ने पत्रकारों को बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे तीन लड़के निमिषा को बेहोशी की हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे. वहां से उसे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.

डीसीपी ने कहा,''हमने इस मामले में आशिक अली को गिरफ्तार किया है. वह पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है.'' उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस को बताया है कि पीड़िता फंदे से लटकी हुई मिली थी. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि अभी जांच शुरुआती चरण में है, इसलिए इस समय किसी नतीजे पर पहुंचना संभव नहीं है.पुलिस अधिकारी ने कहा,'' शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच चल रही है और इस मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.''

पीड़िता गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की छात्रा थी. वह धारापुर की रहने वाली थी. खबरों के मुताबिक वह रात करीब 11 बजे घर से निकली थी. बताया जा रहा है कि वह एक दोस्त के साथ रुद्रा किचन नाम के होमस्टे में रात बिताने के लिए गई थी.

ये भी पढ़ें: उज्जैन से कोटा 3 घंटे में, मालवा से दिल्ली-मुंबई का सफर होगा आसान, MP से राजस्थान के बीच महाकनेक्टिविटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam News, Rape, Gangrape
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com