विज्ञापन

'मेरी बेटी का मर्डर हुआ लेकिन...', इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता ने NDTV से क्या कहा?

अंकिता भंडारी के माता-पिता इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गए हैं. उनकी मांग है कि दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त न किया जाए.

'मेरी बेटी का मर्डर हुआ लेकिन...', इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता ने NDTV से क्या कहा?
अंकिता भंडारी के माता-पिता इंडिया गेट पर धरने पर बैठे हैं.
NDTV
नई दिल्ली:

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर एक बार फिर बवाल शुरू हो गया है. दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में अंकिता भंडारी के माता-पिता इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गए हैं. अंकिता के माता-पिता की मांग है कि जब तक सीबीआई जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए.

अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने NDTV से बात करते हुए कहा कि हम 4 साल से इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे हैं. जो वीआईपी आरोपी है, सरकार ने उसे सिक्किम का गवर्नर नियुक्त किया है. इसलिए हम विरोध जताने दिल्ली आए हैं.

इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता से बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने X पर पोस्ट में आरोप लगाया कि चार साल बीतने के बावजूद परिवार को न्याय नहीं मिला है.

पिता का आरोप- अच्छे से नहीं हुई जांच

वीरेंद्र भंडारी ने NDTV से बातचीत में अपनी बेटी अंकिता भंडारी की हत्या की जांच सही तरीके से नहीं होने का आरोप भी लगाया.

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि 'मेरी बेटी का मर्डर हुआ लेकिन जांच एजेंसियों ने जांच ठीक से नहीं की. आरोपियों के खिलाफ ठीक से सबूत इकट्ठा नहीं किए गए हैं.'

उन्होंने आरोप लगाया कि 'सभी गवाहों के बयान लिए जाने चाहिए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि रिसॉर्ट किसके कहने पर तोड़ा गया था?'

वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि 'हम अपनी बात राष्ट्रपति के सामने रखना चाहते हैं. जब तक हमें राष्ट्रपति से मिलने का मौका नहीं मिलेगा, तब तक हमारा धरना जारी रहेगा.'

उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जब तक सीबीआई की जांच पूरी ना हो, तब तक दुष्यंत गौतम को सिक्किम का गवर्नर नहीं बनाया जाए.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ेंः मुस्कान और फांसी के फंदे बीच अभी कितने पड़ाव? जानें क्या है आगे की प्रक्रिया

मां ने लगाई राष्ट्रपति से गुहार

अंकिता की मां सोनी देवी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इंसाफ की गुहार लगाई है. उन्होंने NDTV से बात करते हुए कहा, 'मैं राष्ट्रपति से निवेदन करती हूं कि आप भी एक महिला हैं. आप दुष्यंत गौतम की नियुक्ति तब तक रोक दीजिए जब तक सीबीआई की जांच पूरी नहीं हो जाती.'

उन्होंने कहा कि 'मैं पिछले 4 साल से सड़क पर हूं. मेरी बेटी की हत्या हुई है लेकिन हमें अभी तक न्याय नहीं मिला है.'

उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि दुष्यंत कुमार गौतम की गवर्नर के तौर पर नियुक्ति को रोक दिया जाए.

दुष्यंत गौतम का नाम कैसे आया?

19 साल की अंकिता ऋषिकेश के निकट वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी. 18 सितंबर, 2022 को उसकी हत्या कर दी गई थी और चार दिन बाद उसका शव चीला नहर से बरामद हुआ था.

इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों- सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को अदालत ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है.

मामले ने पिछले साल दिसंबर में उस समय एक बार फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया था, जब पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच कथित बातचीत के कुछ ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इसके बाद हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' की भूमिका को लेकर नए सिरे से सवाल उठे थे.

अंकिता के माता-पिता का दावा है कि इस पूरे मामले में जिस 'वीआईपी' की बात सामने आई थी, वह दुष्यंत गौतम हैं. सितंबर, 2022 में अंकिता की हत्या के समय दुष्यंत गौतम भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी थे.

यह भी पढ़ेंः इंडिया गेट पहुंचे राहुल-प्रियंका, धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता से की मुलाकात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ankita Bhandari Parents, Ankita Bhandari Case, Ankita Bhandari Murder Case, Dushyant Kumar Gautam, Uttarakhand News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com