विज्ञापन

घुसपैठ पर सख्त अमित शाह बंगाल में BSF चौकी तक पहुंचे, चिकन नेक की सुरक्षा पर मीटिंग; IB भी शामिल

अमित शाह की बैठक का मुख्य फोकस ‘चिकन नेक’ के रूप में प्रसिद्ध सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था पर होगा. 17 से 22 किलोमीटर चौड़ी यह भूमि-पट्टी मुख्य भारत और पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के बीच एकमात्र स्थलीय संपर्क का काम करती है.

घुसपैठ पर सख्त अमित शाह बंगाल में BSF चौकी तक पहुंचे, चिकन नेक की सुरक्षा पर मीटिंग; IB भी शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह.
NDTV
कोलकाता:

Amit Shah Bengal Visit: तीन दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को सिलीगुड़ी शहर के बाहरी इलाके में स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 18वीं बटालियन चौकी का दौरा किया और क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने के बाद यह अमित शाह का पहला विस्तृत दौरा है. वो शुक्रवार रात पश्चिम बंगाल पहुंचे थे. उनका कार्यक्रम बीएसएफ कर्मियों के साथ ‘प्रहरी सम्मेलन' को संबोधित करने, जवानों से बातचीत करने, पौधरोपण अभियान में भाग लेने तथा बीएसएफ से जुड़े विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने का है.

IB, BSF, NIA सहित अन्य एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक

सूत्रों के अनुसार, वह बीएसएफ के इस अड्डे पर राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, गृह सचिव संगमित्रा घोष, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार, एनआईए महानिदेशक राकेश अग्रवाल, राज्य पुलिस महानिदेशक सिद्ध नाथ गुप्ता, उत्तर बंगाल के आईजी सुकेश जैन और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के संयुक्त निदेशक के साथ बैठक कर सकते हैं.

चिकन नेक की सुरक्षा व्यवस्था पर अमित शाह का फोकस

सूत्रों ने बताया कि बैठक का मुख्य फोकस ‘चिकन नेक' के रूप में प्रसिद्ध सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था पर होगा. 17 से 22 किलोमीटर चौड़ी यह भूमि-पट्टी मुख्य भारत और पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के बीच एकमात्र स्थलीय संपर्क का काम करती है. यह कॉरिडोर तीन अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के बीच स्थित है. इसके उत्तर में नेपाल, दक्षिण में बांग्लादेश और उत्तर-पूर्व में भूटान है.

बाड़बंदी के लिए शुभेंदु सरकार बीएसएफ को दे चुकी 120 एकड़ जमीन

हाल ही में राज्य की नव-निर्वाचित सुवेंदु अधिकारी सरकार ने इस क्षेत्र में सीमा बाड़बंदी के लिए 120 एकड़ भूमि बीएसएफ को हस्तांतरित की थी. साथ ही, इस इलाके के सात महत्वपूर्ण राजमार्गों के प्रबंधन को, जो पहले राज्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के राष्ट्रीय राजमार्ग प्रकोष्ठ के अधीन थे, केंद्र सरकार को सौंप दिया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

आज शाम कोलकाता पहुंचेंगे शाह, कल भी होगी हाईलेवल मीटिंग

अमित शाह के शेड्यूल के अनुसार वो दिन में बाद में उत्तरकन्या, जो राज्य सचिवालय की उत्तर बंगाल शाखा है, में सीमा प्रबंधन और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर कई बैठकों की अध्यक्षता करेंगे. इनमें राज्य में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन तथा जन्म और मृत्यु पंजीकरण की समीक्षा भी शामिल है.
शनिवार शाम को उनके कोलकाता पहुंचने का कार्यक्रम है. रविवार को वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के अलावा राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे.

यह भी पढ़ें - अब अवैध घुसपैठियों पर होगा एक्शन, अमित शाह करेंगे हाई लेवल मीटिंग, बनेगा चक्रव्यूह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, Amit Shah News, Amit Shah Bengal Visit, Amit Shah Meeting, Amit Shah Meeting News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com