- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी को विशेष गहन पुनरीक्षण पर संसद में खुली बहस की चुनौती दी है.
- अमित शाह ने कहा कि सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है, राहुल गांधी को बहस के लिए आमंत्रित किया है.
- अमित शाह ने कहा की यह ईवीएम पर सवाल उठाते हैं, फिर तेलंगाना समेत दूसरे राज्यों में कांग्रेस की सरकार कैसे बनी.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर राहुल गांधी को खुली बहस की चुनौती दी है. हैदराबाद में आयोजित एक सभा में उन्होंने कहा कि सरकार SIR के मुद्दे पर संसद का स्पेशल सत्र बुलाने को तैयार है, राहुल गांधी आए और संसद में बहस करें. अमित शाह सोमवार को हैदराबाद में आयोजित बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल हुए थे. इसके बाद हुई सभा में उन्होंने राहुल गांधी को खुली बहस की चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी SIR पर सवाल उठाते हैं, EVM पर सवाल उठाते हैं, लेकिन इसी ईवीएम से तेलंगाना समेत दूसरे राज्यों में कांग्रेस की सरकारें कैसे बन गई.
अमित शाह का राहुल गांधी को चैलेंज
अमित शाह ने कहा 'राहुल जी आप हाथ में संविधान लेकर घूमते हो, लेकिन संविधान का सम्मान नहीं करते हो. मैं हैदराबाद की धरती से आपको चैलेंज करता हूं कि हम संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है, आओ बहस करो. EVM हो, SIR हो या घुसपैठिये हों सरकार हर मुद्दे पर आप से चर्चा के लिए तैयार है. अगर स्पेशल सेशन हुआ तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस को बहस में टुकड़े-टुकड़े कर देंगे. इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस की मॉक पार्लियामेंट पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा विपक्ष ने दो दिन पहले दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सांकेतिक महाभियोग चलाया था. दो दिन पहले आपने मॉक पार्लियामेंट की थी. मुझसे पूछते तो मैं कहता कि कम से कम वहां प्रधानमंत्री बन जाते. क्योंकि असली संसद में तो आप कभी पीएम नहीं बन पाओगे. कम से कम मॉक पार्लियामेंट में बन जाते तो सोनिया जी के दिल को शांति मिल जाती.'
तेलंगाना में कांग्रेस कैसे जीत गई: अमित शाह
अमित शाह ने ईवीएम के मुद्दे पर भी कांग्रेस को जमकर घेरा. उन्होंने कहा 'अगर हम ईवीएम के जरिए जीतते हैं और ईवीएम में हेरफेर होता है तो फिर कांग्रेस पार्टी तेलंगाना ईवीएम से कैसे जीत गई, केरल और तमिलनाडु में गैर भाजपा सरकारें किस तरह से बन गई. इस मुद्दे पर पूरा देश कांग्रेस की आलोचना कर रहा है. कांग्रेस ने अपने 10 साल के शासन में ही 12 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का भ्रष्टाचार किया था. आज कांग्रेस पार्टी वेंटिलेटर पर है.' वहीं घुसपैठियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चर्चा के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन हम हम हर घुसपैठिए को वोटर लिस्ट से हटा देंगे. कांग्रेस केवल अराजकता के जरिए देश में लाइमलाइट में आना चाहती है.'
बता दें कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साध रही है. अब इस मामले में बीजेपी और कांग्रेस में सीधा सियासी आर पार शुरू हो गया है. अमित शाह के सियासी चैलेंज के बाद मुद्दा और गर्माता जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः आराध्य का अपमान...भगवान कृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भड़के संत, अखिलेश-तेजस्वी का बहिष्कार का ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं