विज्ञापन

राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में फिर उठाया 'वोट चोरी' का मुद्दा, बोले- 14 करोड़ वोटरों के नाम काटे गए

राहुल गांधी ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारतीय चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन मिल जाना संभव नहीं है. चुनावी नतीजों और वोटों के आंकड़ों को लेकर हमारी पार्टी के पास कई सवाल हैं. हमारे पास चुनावी धांधली के कई सबूत हैं.

अमेरिका में राहुल गांधी ने फिर उठाए चुनावी धांधली के सवाल
  • राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के दौरान भारतीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और वोटर सूची से नाम हटाने पर सवाल उठाए
  • राहुल ने दावा किया कि 2024 के चुनाव में करीब चौदह करोड़ मतदाताओं को वोटर सूची से बाहर कर दिया गया है
  • राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार में असामान्य रूप से अधिक खर्च और अचानक पांच लाख वोटों के मार्जिन पर भी संदेह जताया
कोलंबिया:

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर अमेरिका की धरती से भारत की चुनावी प्रक्रिया और कथित 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाया है. राहुल गांधी 2 दिन के अमेरिका दौरे पर हैं. पहले दिन राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के साथ बातचीत के दौरान भारतीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) और चुनावी नतीजों पर गंभीर सवाल खड़े किए. राहुल गांधी के कार्यकम का लाइव टेलीकास्‍ट तो नहीं किया गया, लेकिन वहां मौजूद एक इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के कार्यकर्ता ने NDTV से वीडियो साझा किया है. इस दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 में वोट डालने वाले करीब 14 करोड़ लोगों को वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया. राहुल ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस के पास कई सवाल और सबूत हैं, जिन्हें सामने लाने के लिए पार्टी काम कर रही है.

राहुल गांधी बीती रात ही अमेरिका पहुंचे, जहां कोलंबिया यूनिवर्सिटी में उनका कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उन्होंने छात्रों और फैकल्टी के सवालों का जवाब देते हुए भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर अपनी बात रखी. 

'अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन कैसे बढ़ गया?'

राहुल गांधी ने चुनावी नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक चुनाव में प्रचार के दौरान जिस तरह पैसा खर्च किया गया, वह सामान्य नहीं था. उन्होंने कहा, "यह बिल्कुल अलग चुनाव था. प्रचार में पैसा पानी की तरह बहाया गया. करीब 20, 30, 40 या 50 गुना ज्यादा पैसा खर्च किया गया. जीत का अंतर भी काफी बढ़ गया. हम हैरान थे. हमें शक था, लेकिन उस समय हमारे पास सबूत नहीं थे. इसके बाद हमने पड़ताल शुरू की."

उन्होंने चुनावी नतीजों और वोटों के अंतर का जिक्र करते हुए कहा कि अचानक पांच लाख वोटों का मार्जिन मिल जाना कई सवाल खड़े करता है. कांग्रेस के पास चुनावी आंकड़ों को लेकर कई सवाल हैं और पार्टी इनकी जांच कर रही है.

'2024 में वोट डालने वाले 14 करोड़ लोगों के नाम हटाए गए'

SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह सामान्य मतदाता सूची संशोधन अभियान जैसा नहीं है. उन्होंने दावा किया कि 2024 में मतदान करने वाले 14 करोड़ लोगों को वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया. राहुल गांधी ने कहा, "अगर 2024 में वोट डालने वाले 14 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं, तो चुनाव की वैधता पर सवाल उठना कोई गलत नहीं है. हमने चुनाव आयोग से सवाल पूछे हैं, लेकिन आयोग इस पर खामोश है. इस शामोशी को क्‍या समझा जाए?"

राहुल गांधी ने SIR अभियान में खर्च होने वाली रकम पर भी सवाल उठाए. राहुल के मुताबिक, इस प्रक्रिया में जितना पैसा खर्च किया गया, वह अनुमान से 20 से 50 गुना तक अधिक हो सकता है. उन्होंने पूछा कि आखिर इतना पैसा कहां से आया और इस खर्च का हिसाब कौन देगा?

ट्रंप की हार के लिए तेल की कीमतों को बताया जिम्मेदार

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने अमेरिकी राजनीति और वैश्विक स्तर पर अमेरिका की बदलती भूमिका पर भी अपना पक्ष साझा किया. अमेरिकी मिडटर्म चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि तेल की बढ़ती कीमतें ट्रंप की हार की एक बड़ी वजह बनीं. उनके मुताबिक, अमेरिका तेल की कीमतों को नियंत्रित नहीं कर पाया, जिसका असर चुनावी नतीजों पर पड़ा.

राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया में अमेरिका की ताकत पहले जैसी नहीं रह गई है. वैश्विक स्तर पर अमेरिका की भूमिका और प्रभाव लगातार बदल रहा है और अब वह पहले की तरह दुनिया को दिशा देने की स्थिति में नहीं है.

2008 तक भारत-अमेरिका साझेदारी से दोनों देशों को हुआ फायदा

भारत और अमेरिका के रिश्तों पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 1990 के दशक से लेकर 2008 तक दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी रही. इस साझेदारी से भारत और अमेरिका दोनों को फायदा पहुंचा. उन्होंने बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों के डेवलेपमेंट का उदाहरण देते हुए कहा कि इस दौर में भारत में आर्थिक अवसर बढ़े और बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर निकल सके. हालांकि, राहुल गांधी का मानना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में अमेरिका अब पहले जैसी भूमिका निभाने की स्थिति में नहीं है. उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका की ताकत में कमी आई है और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Columbia University, Vote Chori, Sir, Voter List
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com