भाजपा के एक दशक से ज्यादा समय तक आईटी सेल के प्रमुख रहे अमित मालवीय अब इस जिम्मेदारी से मुक्त हो चुके हैं. उनके स्थान पर पार्टी ने दीपक म्हास्के को जिम्मेदारी दी है. भाजपा सूत्रों का मानना है कि अमित मालवीय की आईटी सेल के प्रमुख के पद से शायद इसलिए छुट्टी हुई है क्योंकि जेन जी आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर पार्टी का नैरेटिव कमजोर दिखा. बीते 12 सालों में यह पहला मौका था, जब भाजपा किसी नैरेटिव की काट करने में कमजोर दिखी. सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री का भी अभाव नजर आया, जो भाजपा के मत को धार दे और विपक्षी धारणा की काट करे. माना जा रहा है कि इसी की भरपाई भाजपा ने अमित मालवीय को हटाकर करने की कोशिश की है.
इसके अलावा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को भी हटाने के पीछे यही वजह मानी जा रही है. भाजपा में युवा मोर्चा के पास ही जिम्मेदारी रहती है कि वह नई पीढ़ी को जोड़े. लेकिन जिस तरह से जेन जी के एक वर्ग के बीच भाजपा का विरोध दिखा और युवा मोर्चा ढालकर सामने नहीं आया, वह चिंता बढ़ाने वाला था. माना जा रहा है कि तेजस्वी सूर्या को इसीलिए युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया. उन्हें टीम में किसी और पद पर भी नहीं लिया गया है.
एक झटके में तेजस्वी सूर्या को मिला था प्रमोशन
बता दें कि तेजस्वी सूर्या को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने उन्हें बड़ा प्रमोशन दिया था. इसके अलावा वह सांसद भी हैं. ऐसे में अब उन्हें युवा मोर्चा से हटाना पार्टी की बदली रणनीति का संकेत है. इसका मतलब है कि शायद अब वह नए नेता के जरिए युवा मोर्चा को ताकत देना चाहती है. बता दें कि जेन जी आंदोलन के बाद से ही भाजपा नेतृत्व की यह कोशिश है कि युवा पीढ़ी के बीच पार्टी का नैरेटिव खराब न हो. पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी युवाओं की बात की.
PM मोदी से मोहन भागवत तक, युवा पीढ़ी पर नेतृत्व का फोकस बढ़ा
उन्होंने दिमागी नक्सल जैसी टर्म देते हुए कहा कि कुछ लोग युवाओं को भ्रमित करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें विकसित भारत बनाने के लिए विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा. यही नहीं आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी जेन जी से जुड़े दो आयोजनों में अब तक शामिल हो चुके हैं. ऐसे में सीधे तौर पर युवाओं को जोड़ने और नैरेटिव मैनेजमेंट संभालने वाले तेजस्वी सूर्या और अमित मालवीय को राष्ट्रीय टीम से बाहर करने के पीछे यही वजह मानी जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं