कर्नाटक के चामराजनगर जिले से एक संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश करने का आरोप एक युवक पर लगा. इस घटना के बाद गांव में गुस्सा भड़क गया और लोगों ने कानून हाथ में लेते हुए आरोपी को पकड़कर खंभे से बांध दिया और उसे चप्पलों की माला पहना दी.
जानकारी के अनुसार, यह मामला चामराजनगर जिले के येलंदूर तालुक के मसनपुरा गांव का है. यहां एक व्यक्ति को कथित तौर पर डॉ. बीआर अंबेडकर की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करते हुए ग्रामीणों ने देख लिया. जैसे ही लोगों को इसकी भनक लगी, उन्होंने तुरंत उस व्यक्ति को पकड़ लिया और मौके पर ही रोक लिया.
खंभे से बांधकर पहनाई चप्पलों की माला
घटना के सामने आते ही गांव वालों का गुस्सा भड़क उठा. पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने आरोपी के साथ मारपीट की. इसके बाद उसे खंभे से बांध दिया और चप्पलों की माला पहना दी. यह पूरी घटना गांव में मौजूद लोगों के बीच तेजी से फैल गई, जिससे माहौल और भी गरमा गया.
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में अंबेडकर की तस्वीरों का अपमान करने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके कारण इलाके में पहले से ही तनाव की स्थिति बनी हुई थी.
घटना की खबर फैलते ही दलित संगठनों के सदस्य और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. इससे स्थिति और संवेदनशील हो गई. लोग इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
सूचना मिलते ही येलंदूर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की. पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की पहचान व पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है. पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं