समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एटा में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यूपी की भाजपा सरकार से पूजनीय शंकराचार्य भी पीड़ित और दुखी हैं. वह इस सरकार से अपमानित महसूस कर रहे हैं. इसलिए वह भी PDA हो गए हैं. इसलिए हम उनके साथ हैं. अखिलेश यादव शुक्रवार को शाम के वक्त यूपी के एटा पहुंचे थे. उन्होंने इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर भी बड़ी बात कही है. जबकि पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर को उन्होंने गलत बताया है.
हम 403 सीटों पर कर रहे तैयारी: अखिलेश यादव
2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि मैं इंडिया गठबंधन और कांग्रेस पर बहस नहीं करना चाहता हूं. सच्चाई यह है कि विपक्ष एक रहे और इंडिया गठबंधन एक रहे तो बीजेपी को हराया जा सकता है. अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने 403 सीटों पर तैयारी की बात कही थी. अखिलेश ने कहा 'यह तो अच्छा कह रहे हैं, 403 सीटों पर वह तैयारी कर रहे हैं और 403 सीटों में हम तैयारी कर रहे हैं. इसका मतलब 806 सीटों की तैयारी हो रही है. इसका मतलब इंडिया गठबंधन बीजेपी को हराने के लिए डबल तैयारी कर रहा है.' अविनाश पांडे ने कांग्रेस की तरफ से 403 सीटों पर तैयारी की बात कही थी.
'एजेंसियों का दुरुपयोग हुआ तो चुनाव मुश्किल'
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के चुनाव में एजेंसियों का दुरुपयोग हुआ तो सपा पार्टी चंबल चली जाएगी. बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों में बेईमानी की गई है. अगर इसी तरह की स्थिति उत्तर प्रदेश में हुई तो भविष्य में चुनाव होना मुश्किल हो जाएगा. उन्होंने पश्चिम बंगाल में पूर्व सीएम ममता बनर्जी पर हुई एफआईआर को गलत बताते हुए कहा कि यह एक परंपरा बन गई है कि एक मुख्यमंत्री हटेगा दूसरा मुख्यमंत्री आएगा तो आते ही एफआईआर दर्ज कर देगा. बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद ही लोकप्रिय रही एक महिला मुख्यमंत्री पर एफआईआर होना लोकतंत्र के लिए सबसे खतरनाक है.
एसआईआर से वोट काटने की तैयारी
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर वोट काटने की तैयारी की थी, लेकिन अब विपक्ष पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करने का आह्वान किया. यादव ने कहा कि पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों की जांच से भाजपा की वास्तविकता सामने आ जाएगी. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी.
वहीं महंगाई को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जितना डॉलर ऊपर जाएगा उतनी ही चाय महंगी हो जाएगी इन्होंने विश्व गुरु बनने का मौका खो दिया है. अगर ईरान में हवाई जहाज उतार देते, जैसे पाकिस्तान में उतरे थे तो यह युद्ध नहीं होता. हमारे लोग मारे गए हैं जो नेवी के जहाज लेकर के आ रहे थे उन लोगों की हत्या कर दी गई उसका जिम्मेदार अगर कोई है तो वह भारत सरकार की फॉरेन पॉलिसी है.
ये भी पढ़ेंः UP चुनाव 2027: SP से होगा एलायंस या अकेले लड़ेगी कांग्रेस, अजय राय के '403 सीटों' वाले बयान के क्या हैं मायने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं