विज्ञापन

बदला लेने के लिए रची खौफनाक साजिश, गूगल पर सर्च कर ढूंढी जगह; गुजरात के सोमनाथ से गिरफ्तार

गुजरात के सोमनाथ जिले के निवासी एक युवक ने किसी को सबक सिखाने के लिए खतरनाक साजिश रच डाली. उसने पहले गूगल पर सही जगह ढूंढी और उसके बाद एक फर्जी ईमेल आईडी बनाकर अजमेर में जिला एवं सत्र न्यायालय के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेज दिया.

बदला लेने के लिए रची खौफनाक साजिश, गूगल पर सर्च कर ढूंढी जगह; गुजरात के सोमनाथ से गिरफ्तार
गुजरात के सोमनाथ से आरोपी गिरफ्तार
  • बम धमकी देने वाला गुजरात के सोमनाथ से गिरफ्तार हुआ है.
  • सबक सिखाने के लिए फर्जी ईमेल भेजकर धमकी दी थी.
  • आरोपी ने गूगल पर सर्च कर राजस्थान में अजमेर का नाम चुना.

राजस्थान के अजमेर में कोर्ट, सर्किट हाउस और RTO परिसर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार हो गया है. पुलिस ने आरोपी को गुजरात के सोमनाथ से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, उसने एक शख्स को सबक सिखाने के लिए ऐसी खतरनाक साजिश रची और शख्स के नाम से फर्जी ईमेल बनाकर बम से उड़ाने की धमकी भरा मैसेज कर दिया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि क्या इससे पहले भी कभी धमकी भरे ईमेल भेजे और इस साजिश में उसके साथ और कौन शामिल है.  

कहां का रहने वाला है आरोपी

पुलिस ने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी भरा मैसेज भेजने वाला सोमनाथ से गिरफ्तार हुआ है. उसकी पहचान फलदू हार्दिक पुत्र रमेशचंद्र पटेल (40) के रूप में हुई है और वह गिर सोमनाथ जिला के प्रभास पाटन का रहने वाला है.  पुलिस के अनुसार आरोपी किसी हारून नामक व्यक्ति को सबक सिखाना चाहता था. हारून ने आरोपी का गेस्ट हाउस खाली कर दिया था और बाद में दूसरा गेस्ट हाउस संचालित कर रहा था.

इसी बात से नाराज आरोपी फलदू ने हारून को सबक सिखाने की योजना बनाई. इसके बाद उसने गूगल पर सर्च किया कि धमकी देने के लिए किस स्थान का नाम लिया जाए. सर्च के दौरान अजमेर का नाम सामने आने पर आरोपी ने फर्जी ई-मेल आईडी के माध्यम से अजमेर के सर्किट हाउस, न्यायालय और आरटीओ को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल भेज दिए.

17 जूलाई को बम धमकी का आया था ईमेल 

अजमेर के जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने बताया कि इसी महीने 17 जुलाई को जिला एवं सत्र न्यायालय, अजमेर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके अलावा जिले में सर्किट हाउस और आरटीओ परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. 

एसपी ने कहा कि फर्जी ईमेल आईडी से अजमेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की. जांच के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची और उसे सोमनाथ, गुजरात से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने इससे पहले और किन-किन स्थानों पर धमकी भरे ईमेल भेजे हैं और इस साजिश में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं. मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है.

यह भी पढे़ं-

कुत्ते वाले घर में चोरी का तरीका, मांस का टुकड़ा ले जाते थे और आराम से डालते थे डाका

ब्लड डोनेशन कैंप में खून देने काफिले के साथ पहुंचा माफिया; थार, स्कॉर्पियो, बोलेरो जब्त, 10 गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Rajasthan News In Hindi, Ajmer News, Ajmer News In Hindi, Ajmer Bomb Threat
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com