- एयर इंडिया ने अमेरिका, कनाडा, यूरोप और यूके के लिए अपनी नियमित उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं
- मध्य-पूर्व के हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण एयर इंडिया की सभी मध्य-पूर्व उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित हैं
- इंडिगो ने जेद्दा से भारत के लिए विशेष उड़ानें चलाने का निर्णय लिया है ताकि फंसे यात्रियों को राहत मिल सके
इजरायल और ईरान में जारी जंग के बीच एयर इंडिया ने अपनी उड़ानों को लेकर अहम घोषणा की है. एयर इंडिया ने अमेरिका, कनाडा, यूरोप और यूके के लिए अपनी नियमित उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं. वहीं मध्य-पूर्व के कई हवाई क्षेत्र अभी भी बंद हैं, इसलिए मध्य-पूर्व आने-जाने वाली सभी उड़ानें 3 मार्च की रात 11:59 बजे तक अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी. प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था, पूरा रिफंड, या बिना शुल्क टिकट री-शेड्यूल करने की सुविधा दी जा रही है.
इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी
इंडिगो ने अपनी ट्रैवेल एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि सऊदी अरब और भारत के बीच उड़ानों को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है. एयरलाइन ने घोषणा की है कि 3 मार्च को जेद्दा से विशेष उड़ानें संचालित की जाएंगी, जो मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए होंगी. ये सभी उड़ानें उन यात्रियों के लिए निर्धारित की गई हैं जिनकी पहले से बुकिंग थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण वे यात्रा नहीं कर पाए थे. एयरलाइन का कहना है कि वह फंसे यात्रियों को जल्द से जल्द घर पहुँचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
Travel Advisory
— IndiGo (@IndiGo6E) March 2, 2026
As part of our efforts to progressively normalize our operations between Saudi Arabia and India, we will be operating four dedicated flights from Jeddah tomorrow, 3rd March 2026, to
🔹 Mumbai
🔹 Hyderabad
🔹 Ahmedabad
These flights are being arranged to cater…
ये भी पढ़ें ; ईरान-इजरायल युद्ध का असर: कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर/बैरल के पार, एक साल में सबसे ऊंचे स्तर पर
DGCA की प्रतिक्रिया
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि वह मध्य-पूर्व के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. इस स्थिति का अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर सीधा असर पड़ रहा है, जिसके चलते भारतीय एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों के समय और रूट में बदलाव किया है. प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र से बचते हुए वैकल्पिक मार्गों से लंबी दूरी की उड़ानें धीरे-धीरे फिर शुरू की गई हैं. विमान और क्रू को सही स्थान पर तैनात करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि उड़ान सेवाएं जल्द सामान्य की जा सकें.
फंसे यात्रियों के लिए विशेष इंतज़ाम
फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए एयरलाइंस विशेष इंतजाम कर रही हैं. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त उड़ानें भी चलाई जा रही हैं. सरकार विदेशी विमानन अधिकारियों और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों से लगातार समन्वय कर रही है. सभी एयरलाइंस को निर्देश जारी किए गए हैं कि यात्रियों को सही और स्पष्ट जानकारी दें और रिफंड व री-शेड्यूलिंग से जुड़े नियमों का पालन ज़रूर करें.
ये भी पढ़ें : अयातुल्लाह या ग्रैंड अयातुल्लाह कैसे बनते हैं और ज्यादातर ईरान और इराक के दो शहरों से ही क्यों?
इंडिगो चलाएगा जेद्दाह से 10 विशेष फ्लाइट्स
इंडिगो ने कहा है कि वह 3 मार्च को जेद्दाह से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें चलाने की योजना बना रहा है. यह प्लान आवश्यक अनुमति और हवाई स्थिति पर निर्भर करेगा. इंडिगो, जेद्दाह स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ लगातार समन्वय कर रहा है, ताकि फंसे भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द वापस लाया जा सके. भारत और खाड़ी देशों के बीच उड़ान भरने वाली विदेशी एयरलाइंस भी इस समय सीमित सेवाएं चला रही हैं. यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है.
उड्डयन मंत्री ने की उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक
आज इस पूरे मामले की समीक्षा नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू की अध्यक्षता में हुई. बैठक में नागरिक उड्डयन सचिव और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे. मंत्रालय एयरलाइंस, एयरपोर्ट, नियामक संस्थाओं और विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि उड़ान सेवाएं सुरक्षित रूप से बहाल की जा सकें और प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता मिल सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं