Agnipath Scheme 2026 : आने वाले दिनों में अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव हो सकता है. केंद्र सरकार और सशस्त्र बलों के स्तर पर ऐसे प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है, जिसके तहत अग्निवीरों को शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद शादी करने की अनुमति दी जा सकती है. बता दें कि यह बदलाव पुरुष और महिला दोनों अग्निवीरों पर लागू हो सकता है. तो चलिए जानते हैं यह बदलाव क्यों हो रहा है, मौजूदा नियम क्या हैं, महिला उम्मीदवारों के लिए क्या नियम बदल रहे हैं. साथ ही छुट्टियों के नियम में भी बदलाव क्या हो सकते हैं, इसके बारे में भी बताएंगे.
क्यों हो रही है नियम बदलने की चर्चा?
बता दें कि 4 नवंबर को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान द्वारा जानकारी दी गई थी कि नियमित सेना में सिलेक्शन न होने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को अतिरिक्त दो साल एक्सटेंशन का चांस दिया जाएगा.
पहले नियम यह थी कि हर बैच के केवल 25 प्रतिशत अग्निवीर ही नियमित सैन्य बलों में शामिल हो सकते थे, जबकि बाकी 75 फीसदी जवानों को चार साल बाद सेवा छोड़नी पड़ती थी. अब अतिरिक्त दो साल की सेवा के दौरान उन्हें दोबारा नियमित बलों में शामिल होने का मौका मिल सकेगा, अगर वे पात्रता शर्तें पूरी करते हैं और सेवा जारी रखना चाहते हैं.
अतिरिक्त दो साल की सेवा में मिल सकती है शादी की छूट
प्रस्तावित बदलाव के अनुसार चार साल की अनिवार्य सेवा पूरी करने के बाद और अतिरिक्त दो साल की सेवा अवधि के दौरान अग्निवीर विवाह कर सकेंगे. हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है.
फिलहाल अग्निपथ योजना के नियमों के अनुसार अग्निवीरों को अपनी शुरुआती चार साल की सेवा अवधि के दौरान अविवाहित रहना जरूरी है. अगर कोई अग्निवीर इस ड्यूरेशन में विवाह करता है तो उसे सेवा से हटाया जा सकता है.
महिला अग्निवीरों के लिए मैटरनिटी बेनेफिट्स पर भी फोकस
शादी की अनुमति संबंधी प्रस्ताव के साथ महिला अग्निवीरों के लिए मातृत्व लाभ का मुद्दा भी चर्चा में है. नवंबर 2023 में रक्षा मंत्रालय ने महिला सैनिकों, नाविकों और वायु योद्धाओं को महिला अधिकारियों के समान मातृत्व, चाइल्ड केयर और गोद लेने से संबंधित लीव बेनेफिट्स देने का निर्णय लिया था.
इन प्रावधानों के तहत पात्र महिला कर्मियों को 180 दिन का मैटरनिटी लीव दिया जा सकता है. हालांकि अतिरिक्त दो साल की एक्सटेंशन अग्निवीर सेवा के दौरान ऐसी सुविधाएं महिला अग्निवीरों को कैसे मिलेंगी, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
छुट्टियों के नियमों में भी हो सकता है बदलाव
सूत्रों के मुताबिक सशस्त्र बल अतिरिक्त सेवा अवधि में अग्निवीरों की एनुअल छुट्टियों की व्यवस्था की भी समीक्षा कर रहे हैं. वर्तमान में अग्निवीरों को 30 दिन का एनुवल लीव मिलता है, जबकि नियमित सैनिकों को 90 दिन तक की छुट्टी मिल सकती है.
यह भी पढ़ें-Job Alert: डेटा एंट्री ऑपरेटर से लेकर LDC तक 35 पदों पर भर्ती, 12वीं पास से ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं