विज्ञापन
This Article is From Aug 11, 2024

राज ठाकरे पर 'सुपारी हमला' के बाद उद्धव ठाकरे के काफिले पर नारियल और गोबर से हमला

एमएनएस कार्यकर्ताओं का दावा है कि यह हमला शुक्रवार को राज ठाकरे की कार पर सुपारी और टमाटर से किए गए हमले का जवाब है.

राज ठाकरे पर 'सुपारी हमला' के बाद उद्धव ठाकरे के काफिले पर नारियल और गोबर से हमला
पुलिस ने हमले के मामले में 20 लोगों को हिरासत में लिया है.
ठाणे (महाराष्ट्र):

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thackeray) के काफिले पर सुपारी से हमला किए जाने के एक दिन बाद शनिवार को एमएनएस (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के काफिले पर नारियल और गोबर फेंका. मनसे कार्यकर्ताओं का दावा है कि यह शुक्रवार को मनसे प्रमुख राज ठाकरे की कार पर सुपारी और टमाटर से हमला किए जाने की घटना के जवाब में किया गया है. 

पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है और 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है. ठाणे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, औपचारिक मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है.

इससे पहले शुक्रवार को दोपहर में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के काफिले पर सुपारी और टमाटर फेंके गए थे. यह घटना तब हुई जब शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के चचेरे भाई राज ठाकरे मध्य महाराष्ट्र क्षेत्र के दौरे पर थे.

उधर, शनिवार को छत्रपति संभाजीनगर में राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि शरद पवार और उद्धव ठाकरे विधानसभा चुनाव से पहले, खासकर मराठवाड़ा क्षेत्र में दंगे भड़काने के लिए मराठा आरक्षण आंदोलन का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं.

शुक्रवार को बीड़ से जब राज ठाकरे का काफिला गुजर रहा था तब कुछ कार्यकर्ताओं ने उन पर सुपारी फेंकी थी. संदेह है कि ऐसा करने वाले शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ता थे. इस संबंध में शिवसेना (यूबीटी) के चार कार्यकर्ताओं को पकड़ा गया है.

मनसे प्रमुख ने इस घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि (बीड के) जिला शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने जातिवादी नारे लगाए थे. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (शरदचंद्र पवार) अगर उनके दौरे के दौरान बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करेंगी तो वे खुद महाराष्ट्र में एक भी रैली नहीं कर पाएंगी.
(इनपुट भाषा से भी)

यह भी पढ़ें -

राज ठाकरे ने अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान, क्या बढ़ेगी महायुति की मुसीबत?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uddhav Thackeray Convoy, Uddhav Thackeray Convoy Attacked With Cow Dung, Raj Thackeray
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com