विज्ञापन

भारत के 80% लोग मांसाहारी, BRICS के मेहमानों पर सरकार ने थोपी खानपान की बंदिश: कांग्रेस

खबरों के मुताबिक ब्रिक्स के डिनर में आधिकारिक तौर पर शाकाहारी खाना ही परोसा गया. इसके अलावा प्लांट आधारित डिश भी परोसी गईं.

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
NDTV

भारत के 80 फीसदी लोग मांसाहारी हैं और भारत का गैर-शाकाहारी खाना स्वादिष्ट होता है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को यह बात कही. उनकी टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब ब्रिक्स के डिनर में वेजिटेरियन खाना परोसे जाने की चर्चा है. शनिवार की शाम को भारत मंडपम में ब्रिक्स के नेताओं को डिनर दिया गया था. इस आयोजन में देश के सभी मुख्यमंत्रियों और केंद्र सरकार के मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया था. राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर छोटे भठूरे की एक तस्वीर शेयर की और लिखा, 'रिकॉर्ड के लिए: 80 फीसदी भारतीय मांसाहारी हैं. भारत मांसाहारी खाना स्वादिष्ट होता है, जैसे मेरी बहन के बनाए छोटे भठूरे.'

उनकी यह टिप्पणी तब आई है, जब ब्रिक्स में आए मेहमानों को पूरी तरह शाकाहारी खाना परोसे जाने की चर्चा है. ब्रिक्स के गाला डिनर में कई शानदार डिश परोसी गई थीं, लेकिन इनमें से सभी शाकाहारी ही थीं. कुछ लोग इसी को लेकर सवाल उठा रहे थे. इस खाने में चुकंदर का रायता, मिलेट पुलाव जैसी कई चीजें थीं, जिन्हें सुपरफूड में गिना जाता है. पुरानी दिल्ली फ्रूट आइसक्रीम को भी जलेबी के साथ परोसा गया था, इसके अलावा शहतूत फिरनी भी ब्रिक्स के डिनर का हिस्सा बनी थी. देश भर के 100 मशहूर शेफों को बुलाकर यह डिनर तैयार कराया गया था. इसके अलावा कुछ शेफ ब्रिक्स के अन्य देशों से भी आए थे. 

खबरों के मुताबिक ब्रिक्स के डिनर में आधिकारिक तौर पर शाकाहारी खाना ही परोसा गया. इसके अलावा प्लांट आधारित डिश भी परोसी गईं.राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में किसी वाकये का या व्यक्ति का जिक्र नहीं किया. लेकिन अचानक ही नॉन-वेज को लेकर की गई उनकी टिप्पणी को ब्रिक्स के डिनर के मेन्यू से जोड़कर देखा जा रहा है.

राहुल गांधी के अलावा इस मामले में कांग्रेस भी आक्रामक है. पार्टी नेता पवन खेड़ा ने भी ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा, 'भाजपा की भारतीयों पर खाने की आदतों को थोपने की आदत रही है. अब इन लोगों ने दुनिया भर से आए मेहमानों पर भी खानपान की अपनी आदत को थोपने की कोशिश की है. भारत एक समृद्ध और विविधता वाला देश है. भारत के अलग-अलग हिस्सों का खानपान भिन्न है. भारत में कई गैर-शाकाहारी डिश ऐसी हैं, जिनका स्वाद दुनिया भर के लोग लेते रहे हैं. फिर मोदी सरकार ने भारत की संस्कृति के इस हिस्से को छिपाने की कोशिश क्यों की है? क्या इस सरकार को भारत की विविधता पर शर्म आती है.'

AIMIM नेता वारिस पठान ने भी सरकार पर चुटकी ली है. उन्होंने एक्स पर लिखा है कि मटन चिकन गायब, ईरानी राष्ट्रपति अब क्या खाएंगे. अब तो फूफा, मामू, खालू नाराज होंगे. जानकारी के लिए बता दें कि ब्रिक्स के मेन्यू में खंडवी मिल-फॉय, खुंब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, गाजर-फली पोरियाल, थक्काली बेल्ले सारू, मिलेट पुलाव, चुकंदर रायता, पुरानी दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी, शहतूत फिरनी शामिल की गई हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BRICS, BRICS Menu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com