विज्ञापन
This Article is From Oct 20, 2019

भारतीय सेना की PoK में कार्रवाई: आर्मी चीफ बोले- तीन आतंकी कैंप तबाह, कई आतंकियों सहित 6-10 पाक सैनिक ढेर

सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत (Bipin Rawat) ने कहा कि भारतीय सेना (Indian Army) के इस ऐक्शन में 6 से 10 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और तकरीबन इतने ही आतंकी भी मारे जा चुके हैं.

Also Read in
भारतीय सेना की PoK में कार्रवाई: आर्मी चीफ बोले- तीन आतंकी कैंप तबाह, कई आतंकियों सहित 6-10 पाक सैनिक ढेर
भारतीय सेना ने PoK में तीन आतंकी लॉन्च पैड को ध्वस्त किया.
  • भारतीय सेना की PoK में बड़ी कार्रवाई
  • PoK में तीन लॉन्च पैड को किया नष्ट
  • 6-10 पाक सैनिक और इतने ही आतंकी हुए ढेर
नई दिल्ली:

पाकिस्तान (Pakistan) की तरफ से लगातार हो रही आतंकी घुसपैठ के जवाब में भारतीय सेना ने तंगधार सेक्टर के दूसरी तरफ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी कैंपों पर हमला किया. आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत (Army Chief General Bipin Rawat) ने तीन आतंकी कैंपों के तबाह होने की पुष्टि की है. सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत (Bipin Rawat) ने कहा कि भारतीय सेना (Indian Army) के इस ऐक्शन में 6 से 10 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और तकरीबन इतने ही आतंकी भी मारे जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि आतंकियों के मारे जाने की खबर हमें और भी मिल रही है, जिसकी जानकारी हम बाद में देंगे, लेकिन हम यकीन के साथ कह सकते हैं कि कमसे कम तीन आतंकी कैंपों को तबाह किया गया है और चौथे कैंप को भी नुकसान पहुंचा है. सेना प्रमुख ने आतंकी शिविरों को निशाना बनाने के लिए आर्टिलरी गन के इस्तेमाल की भी पुष्टि की. बता दें कि लॉन्च पैड वो जगह होती है जहां से आतंकियों को घुसपैठ कराई जाती है.

इससे पहले कल रात क़रीब 11 बजे पाकिस्तान सेना ने जम्मू-कश्मीर के तंगधार में बिना उकसावे के एलओसी पर गोलाबारी शुरू कर दी थी. पाकिस्तान की तरफ से किए गए इस गोलीबारी में सेना के दो जवान शहीद हो गए और एक स्थानीय नागरिक की भी जान चली गई. हमले में तीन स्थानीय नागरिक घायल भी हो गए. इसके जवाब में भारतीय सेना ने यह कार्रवाई की थी. इस बारे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने जानकारी दी.

जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तानी सेना ने किया सीजफायर का उल्लंघन, दो जवान शहीद, एक नागरिक की मौत

बता दें कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 (Article 370) हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है. पाकिस्तान सीमा पार से न केवल आतंकियों को कश्मीर का माहौल ख़राब करने के लिए उकसा रहा है, बल्कि उसके कई लॉन्च पैड्स पर आतंकी भारत में घुसपैठ करने की फ़िराक़ में भी बैठे हैं. बता दें कि सेना ने पाकिस्तान के उन सभी पोस्ट को भी तबाह किया जो लॉन्च पैड को सुरक्षा दे रहे थे. साथ ही पाकिस्तान के गोला बारूद को भी तबाह किया गया. सेना ने पीओके में ज़ुरा, अथमुक़म और कुण्डलशाही में मौजूद लॉन्च पैड्स को निशाना बनाया.

VIDEO: पाक सेना की गोलीबारी से 2 जवान शहीद, भारत ने तबाह किए लॉन्च पैड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Army, Bipin Rawat, Pakistan Occupied Kashmir, Artillery Strike, PoK
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com