यह ख़बर 22 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बिहार दिवस समारोह शुरू, नई योजनाओं का शुभारम्भ

खास बातें

  • बिहार की राजधानी पटना में तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह मंगलवार को शुरू हुआ। समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया।
पटना:

बिहार की राजधानी पटना में तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह मंगलवार को शुरू हुआ। समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने 'नई पीढ़ी स्वास्थ्य योजना' का शुभारम्भ भी किया और कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा यहां के लोगों का हक है, जो मिलना चाहिए। ऐतिहासिक गांधी मैदान में नीतीश कुमार ने बिहार दिवस के उद्घाटन समारोह में कहा कि बिहार दिवस जन-जन का त्योहार है। उन्होंने कहा, "कौन कहता है कि यहां अंधकार है? हम पिछड़े हैं लेकिन संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।" नीतीश ने कहा कि संकीर्णताओं से ऊपर उठकर, जात और मजहब से अलग हटकर सभी लोग बिहार दिवस मना रहे हैं। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है, इससे लग रहा है कि बिहार बदल रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के पूर्व अंग्रेजों ने बिहार की उपेक्षा की और आजादी के बाद अपनों ने ही इसे छला। बिहार दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य है कि लोगों में 'बिहारीपन' जागे और स्वाभिमान के साथ वे आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा यहां के लोगों का हक है, जो मिलना चाहिए। दार्शनिक अंदाज में नीतीश ने कहा, "कालचक्र चलता रहता है। प्रारम्भ में बिहार ने देश को रास्ता दिखाया, फिर नीचे चला आया, लेकिन मुझे विश्वास है कि बिहार फिर लोगों को रास्ता दिखाएगा।" उन्होंने कहा कि बिहार में शुरू की गईं कई योजनाओं को अन्य राज्य अपना रहे हैं। यहां न्याय के साथ विकास हो रहा है। कृषि के क्षेत्र में जो समस्याएं हैं, उनका समुचित समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इससे पहले बिहार दिवस का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने 'नई पीढ़ी स्वास्थ्य योजना' का शुभारम्भ किया तथा नौ पुस्तकों का लोकार्पण भी किया। यह समारोह गांधी मैदान में तीन दिनों तक चलेगा। महत्वकांक्षी योजना 'नई पीढ़ी स्वास्थ्य योजना' की शुरुआत करते हुए नीतीश ने कहा कि इस योजना के तहत एक से 18 वर्ष की लड़कियों तथा एक से 14 वर्ष के लड़कों को हेल्थ कार्ड दिया जाएगा, जिसमें उनके स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सारी बीमारियों का उल्लेख होगा। मुख्यमंत्री ने पांच बच्चों को हेल्थ कार्ड भी सौंपे। इस मौके पर राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा सहित राज्य के सभी मंत्री तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। गौरतलब है कि बिहार 22 मार्च, 1912 को बंगाल प्रेसिडेंसी से अलग होकर अलग राज्य बना था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com