यह ख़बर 05 मई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई : तेजाब की शिकार युवती की हालत गंभीर, रेलवे देगा इलाज का खर्च

खास बातें

  • नर्सिंग में स्नातक प्रीति राठी के चेहरे पर चार दिन पहले मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर गरीब रथ ट्रेन से उतरते ही एक अज्ञात युवक ने तेजाब फेंक दिया था।
मुंबई:

मुंबई में तेजाब हमले की शिकार युवती के पिता ने रविवार को बताया कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। नई दिल्ली से नर्सिंग में स्नातक प्रीति राठी पर चार दिन पहले मुंबई के एक रेलवे स्टेशन पर तेजाब फेंककर हमला किया गया था।

प्रीति के पिता अमर सिंह राठी मुंबई के बाइकुला में मसीना अस्पताल में भर्ती प्रीति की देखभाल के लिए अस्पताल में ही रह रहे हैं। प्रीति की हालत से वह बेहद चिंतित हैं। उन्होंने कहा, उसे अभी तक गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है। अब तक उसकी हालत में कोई सुधार नहीं आया है। प्रीति अपने पिता के साथ पिछले गुरुवार को मुंबई आई थी

मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर गरीब रथ ट्रेन से उतरते ही एक अज्ञात युवक ने प्रीति के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। वे नई दिल्ली से यहां पहुंचे थे। राठी के अनुसार प्रीति दक्षिण मुंबई के कोलाबा में सैन्य अस्पताल में नर्स लेफ्टिनेंट के रूप में नई नौकरी शुरू करने आई थी। अब प्रीति के परिवार को यह समझ में नहीं आ रहा है कि रक्षा विभाग में उसकी नौकरी का क्या भविष्य है।

राठी ने कहा, हम औपचारिक तौर पर मुंबई में (सोमवार को) सैन्य अधिकारियों से संपर्क कर प्रीति का पक्ष रखेंगे। इसके बाद निर्णय करना उनके हाथ में है। इस बीच, भारतीय रेलवे ने प्रीति के इलाज पर आ रहे सभी खर्चों को वहन करने का निर्णय किया है, क्योंकि यह हादसा रेल परिसर में हुई है। इससे प्रीति के परिवार को काफी राहत मिली है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मसीना अस्पताल के निदेशक आरबी दस्तूर ने कहा कि तेजाब से जलने और मुंह के रास्ते तेजाब के अंदर चले जाने तथा श्वास मार्ग से इसके प्रभाव के कारण प्रीति के अंदरूनी हिस्से जल गए हैं तथा उसके दाहिने आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई है। मुंबई पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर के स्केच जारी किए हैं, लेकिन चार दिन बाद अभी तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है।