यह ख़बर 06 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

आगमन पर वीजा की सुविधा 180 देश के पर्यटकों को मिलेगा

नई दिल्ली:

भारत आठ देशों को छोड़कर सभी देशों के नागरिकों को आगमन पर वीजा की सुविधा उपलब्ध कराएगा। जिन आठ देशों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है उनमें पाकिस्तान, श्रीलंका, सूडान व ईरान शामिल हैं।

योजना मंत्री राजीव शुक्ला ने कहा, 'हमने 180 देशों से आने वाले पर्यटकों को आगमन पर वीजा की सुविधा देने का निर्णय किया है। इस संबंध में आवश्यक ढांचा तैयार करने में संबद्ध विभागों को 5-6 महीने का समय लगेगा।'

'हमें अक्तूबर से शुरू होने वाले अगले पर्यटन सत्र से इसके क्रियान्वित होने की उम्मीद है।' भारत वर्तमान में फिनलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर व जापान सहित 11 देशों से भारत आने वाले पर्यटकों को आगमन पर वीजा की सुविधा देता है।

इस सुविधा का विस्तार कर अब इसे 180 देशों के पर्यटकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। पाकिस्तान, सूडान, अफगानिस्तान, ईरान, इराक, नाइजीरिया, श्रीलंका और सोमालिया के नागरिक इस नियम के अपवाद होंगे।

विभिन्न मंत्रालयों से प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रानिक वीजा, पर्यटक के भारत आगमन की तिथि से 30 दिनों के लिए वैध रहेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शुक्ला ने बताया कि देश के पर्यटन क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से की गई इस पहल को मंत्रिमंडल की मंजूरी की दरकार होगी। गृह मंत्रालय उचित समय पर इस संबंध में अधिसूचना जारी करेगा।