विज्ञापन
This Article is From Jan 27, 2014

कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह और मधुसूदन मिस्त्री को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया

नई दिल्ली:

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को पांच उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया, जिनमें कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और मधुसूदन मिस्त्री शामिल हैं। हालांकि इस बीच दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर अभी भी रहस्य बना हुआ है।

पार्टी ने अभी हरियाणा और असम से राज्यसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। दीक्षित को हरियाणा या हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा भेजने को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि पार्टी ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश से विप्लव ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है, इसलिए नजरें अब हरियाणा पर टिक गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान शीला दीक्षित को समायोजित करना चाहता है, क्योंकि वह पंद्रह वर्षों तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रही हैं।

पार्टी ने दिग्विजय सिंह को मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। वह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं और 2003 में उमा भारती के नेतृत्व में भाजपा से पराजित होने के बाद दस वर्षों तक चुनाव न लड़ने की घोषणा की थी। हाल में उन्होंने 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी।

इसी तरह मधुसूदन मिस्त्री को पार्टी गुजरात से राज्यसभा भेज रही है। उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रमुख रणनीतिकार माना जा रहा है और उन्हें सभी 543 सीटों के लिए सर्वे करने और उम्मीदवारों की अलग से एक सूची बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
दिग्विजय सिंह, कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, मधुसूदन मिस्त्री, शीला दीक्षित, राज्यसभा उम्मीदवार, Digvijay Singh, Madhusudan Mistri, Rajyasabha Election