देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार 7वें दिन कोरोना के 1 लाख से ज्यादा मामले और लगातार तीसरे दिन डेढ़ लाख से ज्यादा केस आए. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 1,61,736 नए COVID केस सामने आए हैं. इसके बाद देश में संक्रमण के मामलों की कुल तादाद बढ़कर 1,36,89,453 हो गई है. एक दिन में 879 मरीज़ों की मौत हुई है जबकि अब तक कुल 1,71,058 लोग वायरस की वजह से जान गंवा चुके हैं.
आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 97,168 मरीज़ स्वस्थ हुए हैं. इसी के साथ अब कुल 1,22,53,697 मरीज़ घातक वायरस को मात देने में कामयाब रहे हैं. रिकवरी रेट 89.51 प्रतिशत पर आ गया है. कोरोना के मामले बढ़ने के साथ देश में एक्टिव केसों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है. देश में एक्टिव केस यानी इलाजरत मरीज़ों की संख्या 12,64,698 है.
इस बीच, देश को कोरोना वैक्सीन के मोर्चे पर राहत जरूर मिली है. डीसीजीआई ने रूसी कोविड रोधी वैक्सीन स्पूतनिक के आपातकालीन इस्तेमाल को हरी झंडी दे दी है.