यह ख़बर 24 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

महिला आयोग में पेश होने की बजाये पतंग उड़ाते दिखे कानूनमंत्री सोमनाथ भारती

नई दिल्ली:

दिल्ली के कानूनमंत्री सोमनाथ भारती फिर दिल्ली महिला आयोग के सामने पेश नहीं हुए। उन्होंने अपने वकील को भेज दिया, जिस पर महिला आयोग ने कड़ा ऐतराज जताया। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह और सोमनाथ के वकील के बीच जमकर नोकझोंक हुई।

वैसे सोमनाथ भारती आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए, लेकिन पतंगबाजी के लिए उनके पास भरपूर समय था। वह आज पतंग उड़ाते दिखे।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा कि पेश न होकर सोमनाथ भारती ने एक संवैधानिक संस्था का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि यहां वकील का आना ही यह सबूत है कि उनको हमारा समन मिल चुका है और वह जानबूझकर यहां नहीं आना चाहते। यहां न आकर उन्होंने दिल्ली महिला आयोग का अपमान किया है। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं का अपमान किया है।

उधर, युगांडा की महिलाओं के आरोपों में घिरे दिल्ली के कानूनमंत्री सोमनाथ भारती जब दिल्ली सचिवालय पहुंचे तो मीडिया से बचते दिखे। जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किए तो उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com