विज्ञापन
This Article is From Nov 28, 2019

प्रज्ञा के बहाने कुमार विश्‍वास ने कांग्रेस को ठहराया दोषी, कहा- गांधी विरोधी अनपढ़ मानसिक दिवालियेपन के लिए कांग्रेस जिम्‍मेदार

प्रज्ञा ठाकुर के महात्मा गांधी पर दिये गए बयान के बहाने एक बार फिर कवि कुमार विश्वास ने प्रज्ञा ठाकुर के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी पर भी हमला बोला है.

प्रज्ञा के बहाने कुमार विश्‍वास ने कांग्रेस को ठहराया दोषी, कहा- गांधी विरोधी अनपढ़ मानसिक दिवालियेपन के लिए कांग्रेस जिम्‍मेदार
कुमार विश्वास का कांग्रेस पर हमला (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे पर दिए बयान के बहाने एक बार फिर कुमार विश्वास ने प्रज्ञा ठाकुर के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी पर भी हमला बोला है. कुमार विश्वास ने ट्वीट कर लिखा है "एक हत्यारे के महिमामंडन पर देश ख़फ़ा हैं पर इस गांधी विरोधी अनपढ़ मानसिक दिवालियेपन के पीछे कांग्रेस के दशकों पुराने वे ऐतिहासिक कुकर्म भी है जिसमें उन्होंने पूरा समय अपने “गांधियों” के गुणगान में ज़ाया कर दिया पूरी एक पीढ़ी गांधी होने के महत्व से अनभिज्ञ रखने वाले भी अपराधी हैं". 

कुमार विश्वास के ट्वीट के अनुसार कांग्रेस ने महात्मा गांधी के विरासत और विचार को जनता को बताने के बदले सिर्फ नेहरू गांधी परिवार के गुणगान में देश के समय को जाया किया है. 

गौरतलब है कि प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार को तब एक टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया था जब द्रमुक सदस्य ए राजा अदालत के समक्ष नाथूराम गोडसे द्वारा दिये गए उस बयान को उद्धृत कर रहे थे कि उसने महात्मा गांधी को क्यों मारा. ठाकुर की टिप्पणी को लेकर विपक्षी सदस्यों द्वारा विरोध जताए जाने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि एसपीजी (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान सिर्फ द्रमुक नेता का बयान ही रिकॉर्ड में जाएगा. लोकसभा सचिवालय ने बाद में एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि ठाकुर की टिप्पणी 'दर्ज नहीं की गई है.'

गोडसे को 'देशभक्त' बताए जाने वाली टिप्पणी पर प्रज्ञा ठाकुर की सफाई, कहा- बस, मैंने ऊधम सिंह का अपमान नहीं सहा

हालांकि भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने विवाद बढ़ने के बाद इस मामले पर सफाई दी है. प्रज्ञा ठाकुर ने ट्वीट करते हुए कहा कि यह झूठ है, मैंने केवल ऊधम सिंह का अपमान नहीं सहा. उन्होंने लिखा है, 'कभी-कभी झूठ का बवंडर इतना गहरा होता है कि दिन में भी रात लगने लगती है लेकिन सूर्य अपना प्रकाश नहीं खोता. पलभर के बवंडर में लोग भ्रमित न हों सूर्य का प्रकाश स्थाई है. सत्य यही है कि कल मैंने ऊधम सिंह जी का अपमान नहीं सहा बस.' बता दें, प्रज्ञा ठाकुर की इस टिप्पणी पर भाजपा ने भी कार्रवाई की है. केंद्र सरकार ने उनका नाम रक्षा मामलों की समिति से हटा दिया है.


VIDEO: नाथूराम को देशभक्त कहना तो दूर, देशभक्त मानने की सोच भी निंदापूर्ण: राजनाथ सिंह

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com