एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 15 अगस्त से बेल्जियम और नीदरलैंड्स में हो रहा है. भारतीय पुरुष हॉकी टीम भी अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ करेगी. हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम के सामने सिर्फ टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत करने की चुनौती नहीं है, बल्कि 1975 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का इंतजार खत्म करने का बड़ा लक्ष्य भी है. भारत और वेल्स के बीच पूल डी का मुकाबला 15 अगस्त को शाम 4:30 बजे IST से अम्स्टेलवीन के वागेनर स्टेडियम में खेला जाएगा.
वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम की तैयारियां अच्छी रही हैं. एफआईएच प्रो लीग के आखिरी चरण में भारत ने मौजूदा विश्व चैंपियन जर्मनी और ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. टीम ने पाकिस्तान को भी दो बार हराया, जबकि इंग्लैंड को शूटआउट में मात दी. इन नतीजों का महत्व इसलिए और बढ़ जाता है क्योंकि पाकिस्तान और इंग्लैंड दोनों ही वर्ल्ड कप में भारत के पूल डी में मौजूद हैं.
पूल डी में इंग्लैंड और पाकिस्तान भी
भारत के लिए चुनौती हालांकि आसान नहीं होगी. पूल डी में वेल्स के अलावा इंग्लैंड और पाकिस्तान भी हैं. भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत 19 अगस्त को होगी, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला 17 अगस्त को खेला जाएगा.
इस बार बदला हुआ है वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
2026 हॉकी वर्ल्ड कप में टीमों को चार पूल में बांटा गया है और हर पूल में चार टीमें हैं. भारत पूल डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ है. पूल चरण के बाद हर ग्रुप की टॉप दो टीमें दूसरे दौर में पहुंचेंगी. वहां टीमें दोबारा मुकाबले खेलेंगी और दूसरे दौर के दो ग्रुप से टॉप दो-दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी. ऐसे में भारत के लिए पूल स्टेज में हर मैच बेहद अहम होगा.
वेल्स के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार
भारत का वेल्स के खिलाफ पुरुष हॉकी में रिकॉर्ड पूरी तरह एकतरफा रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं और भारत ने सभी चार में जीत हासिल की है. दोनों टीमों की पहली भिड़ंत 2014 में हुई थी. वर्ल्ड कप में भारत और वेल्स की भिड़ंत सिर्फ एक बार हुई है. 2023 में ओडिशा में खेले गए उस मुकाबले में भी भारत ने जीत दर्ज की थी. बाकी तीन मुकाबले कॉमनवेल्थ गेम्स में 2014, 2018 और 2022 में खेले गए थे.
भारत vs वेल्स मैच कहां देखें?
भारत और वेल्स के बीच हॉकी वर्ल्ड कप का मुकाबला भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकेगा. मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioStar पर उपलब्ध होगी.
भारत के सामने बड़ा लक्ष्य
भारत ने 1975 में पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. उसके बाद से टीम इस ट्रॉफी को दोबारा नहीं जीत सकी है. ऐसे में हरमनप्रीत सिंह की टीम के पास इस बार 51 साल के इंतजार को खत्म करने का मौका है. वेल्स के खिलाफ मुकाबले से भारत अपने अभियान की शुरुआत करेगा और जीत के साथ शुरुआत उसे पूल डी में आगे की चुनौती के लिए मजबूत स्थिति में पहुंचा सकती है.
भारत की पूरी टीम
भारत: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), मोहित, सूरज करकेरा, जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच, राजिंदर सिंह, आदित्य लालगे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकंठ शर्मा, विवेक प्रसाद, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह, अभिषेक पाल.
ये भी पढ़ें- हॉकी वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान की खुली चुनौती, चीफ सेलेक्टर ने बताया भारत के खिलाफ मास्टरप्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं