पाकिस्तान हॉकी टीम के मुख्य चयनकर्ता समीउल्लाह खान ने गुरुवार को कहा कि उनकी टीम 19 अगस्त को होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत को ड्रॉ पर रोक सकती है. उन्होंने कहा कि बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले इस टूर्नामेंट में पहले दौर के पूल स्टेज से आगे बढ़ने के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण होगा.
पाकिस्तान ने बुधवार को विश्व कप (15 से 30 अगस्त) के लिए 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की. टीम आठ साल बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है. समीउल्लाह ने कहा, 'व्यावहारिक रूप से भारत को कम से कम ड्रॉ पर रोकना हमारे लिए अहम होगा. हमारे पास वेल्स को हराने की क्षमता है लेकिन सबसे मुश्किल प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड होगा जिसकी रैंकिंग काफी ऊंची है. वहीं एफआईएच रैंकिंग में हम फिलहाल 12वें स्थान पर हैं.'
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान समीउल्लाह ने बताया कि टीम निदेशक और मुख्य कोच हरमन क्रूइस सीधे नीदरलैंड में टीम से जुड़ेंगे जहां वह टूर्नामेंट से पहले की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने क्रूइस की सहायता के लिए दो विदेशी कोच बॉब जोहान वेल्डहॉफ और क्रिस्टोफर बोवेन को भी शामिल किया है.
समीउल्लाह के अनुसार टीम का चयन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं और हाल में नियुक्त विदेशी कोचिंग स्टाफ ने मिलकर किया है. भारत भी पाकिस्तान के ग्रुप में शामिल है और समीउल्लाह को भरोसा है कि उनकी टीम भारत को ड्रॉ पर रोक सकती है. पूल डी में इंग्लैंड और वेल्स अन्य टीमें हैं.
पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में इंग्लैंड के खिलाफ करेगा. समीउल्लाह ने कहा कि मौजूदा घरेलू सीरीज में दक्षिण कोरिया के खिलाफ पाकिस्तान के हालिया प्रदर्शन ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है. पाकिस्तान ने चार मैच की टेस्ट सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है.
हॉकी वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की स्क्वॉड
वकार, मुहम्मद अब्दुल्ला, मुहम्मद सुफियान खान, मोइन शकील, अब्दुल वहीद अशरफ राणा, अब्दुल हनान शाहिद, जकारिया हयात, अरशद लियाकत, आदिल लतीफ, अहमद नदीम, गजनफर अली, इमाद शकील बट, मुहम्मद हमादुद्दीन अंजुम, रहमान अब्दुल, अफराज, उमर मुस्तफा, अबू बकर महमूद, अली रजा, अब्दुल मटन और मुहम्मद इमाद. गोलकीपर: वकार और अली राजा.
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का स्क्वॉड
- गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा
- डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच
- मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद
- फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह, अभिषेक
ये भी पढ़ें- CWG: 'नाक टूट जाएगी तो शादी कौन करेगा,' दिलचस्प है अरुंधति की कहानी, सर्जरी के बाद भी देश को दिलाया गोल्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं