World Cancer Day 2026: कैंसर यह सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि एक ऐसी बीमारी है जिसका नाम सुनते ही डर मन में घर कर लेता है. दुनिया भर में लाखों लोग इस जानलेवा बीमारी से जूझ रहे हैं. हालांकि बीते कुछ सालों में मेडिकल साइंस और इलाज के तरीकों में काफी तरक्की हुई है, जिससे कैंसर को लेकर उम्मीद की किरण भी मजबूत हुई है. हर साल 4 फरवरी को वर्ल्ड कैंसर डे (World Cancer Day) मनाया जाता है, ताकि लोगों में कैंसर को लेकर जागरूकता बढ़े, समय पर जांच और सही इलाज का महत्व समझाया जा सके.
इस जंग में सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि कई जाने-माने सेलिब्रिटी भी शामिल रहे हैं. इन सितारों ने न सिर्फ कैंसर का सामना किया, बल्कि हिम्मत, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ इस बीमारी को हराकर दूसरों के लिए प्रेरणा बन गए. आइए जानते हैं उन भारतीय सितारों के बारे में, जिन्होंने कैंसर से लड़कर नई जिंदगी की शुरुआत की.
कैंसर से जूझ चुके भारतीय सेलिब्रिटी | Indian Celebrities Who Have Battled Cancer
1. अनुराग बसु
साल 2004 में फिल्म निर्देशक अनुराग बसु को एक्यूट प्रोमायलोसाइटिक ल्यूकेमिया, यानी ब्लड कैंसर के एक दुर्लभ रूप का पता चला. उस वक्त डॉक्टरों ने उनके पास बहुत कम समय बताया था. लेकिन, अनुराग बसु ने इस चुनौती को स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि कैंसर ने उन्हें खुद को समझने, शरीर की सुनने और जिंदगी में बदलाव लाने का मौका दिया. आज वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और सफलतापूर्वक फिल्में बना रहे हैं.
2. संजय दत्त
2020 में संजय दत्त को स्टेज 4 लंग कैंसर का पता चला था. यह समय उनके और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन था. लेकिन, उसी साल वे कैंसर से उबर गए. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई आसान नहीं थी, लेकिन परिवार और विश्वास ने उन्हें मजबूत बनाए रखा.
3. ताहिरा कश्यप
फिल्ममेकर ताहिरा कश्यप को 2018 में ब्रेस्ट कैंसर हुआ था और 2020 में वे कैंसर-फ्री हो गई थीं. वे लगातार अपनी बीमारी और मानसिक संघर्ष के बारे में खुलकर बात करती रही हैं. अप्रैल 2025 में उन्होंने बताया कि कैंसर दोबारा लौट आया है, लेकिन, एक बार फिर वे मजबूती और जागरूकता के साथ इस चुनौती का सामना कर रही हैं.

4. सोनाली बेंद्रे
2018 में सोनाली बेंद्रे ने जब अपने कैंसर की जानकारी साझा की, तो यह खबर सबके लिए चौंकाने वाली थी. उन्होंने अपने इलाज के दौरान सोशल मीडिया के जरिए न सिर्फ अपनी जर्नी साझा की, बल्कि आत्म-स्वीकृति, हिम्मत और सकारात्मक सोच का संदेश भी दिया. सोनाली ने यह दिखाया कि सही सोच और सपोर्ट सिस्टम के साथ कैंसर से लड़ा जा सकता है.
5. मनीषा कोइराला
मशहूर अभिनेत्री मनीषा कोइराला आज एक खुशहाल जिंदगी जी रही हैं. साल 2012 में उन्हें स्टेज 4 ओवेरियन कैंसर का पता चला था. यह दौर उनके लिए बेहद मुश्किल था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. कड़े इलाज और मानसिक मजबूती के दम पर 2013 में उन्हें कैंसर-फ्री घोषित किया गया. आज वे फिर से एक्टिंग में सक्रिय हैं और कैंसर अवेयरनेस की मजबूत आवाज बन चुकी हैं.
6. महिमा चौधरी
महिमा चौधरी को 2022 में रूटीन हेल्थ चेक-अप के दौरान ब्रेस्ट कैंसर का पता चला. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि कैंसर की शुरुआती पहचान खुद से करना मुश्किल होता है, इसलिए नियमित जांच बेहद जरूरी है. समय पर इलाज मिलने की वजह से आज वे कैंसर-फ्री हैं और खुलकर अपने अनुभव साझा कर लोगों को जागरूक कर रही हैं.
इन सितारों की कहानियां यह साबित करती हैं कि कैंसर अंत नहीं है. समय पर जांच, सही इलाज, सकारात्मक सोच और अपनों का साथ, ये सब मिलकर इस बीमारी से लड़ने की ताकत देते हैं. वर्ल्ड कैंसर डे 2026 पर इन कहानियों से हमें यही सीख मिलती है कि जागरूकता और हिम्मत से इस जंग को जीता जा सकता है.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं