हर साल 14 जून को दुनिया भर में विश्व रक्तदाता दिवस (World Blood Donor Day) मनाया जाता है. ये सिर्फ एक तारीख नहीं है, बल्कि उन लाखों लोगों को सलाम करने का दिन है जो बिना किसी स्वार्थ के अपना खून दान करके किसी और की जिंदगी बचाते हैं.
अक्सर हम सुनते हैं कि अस्पतालों में खून की कमी है, किसी एक्सीडेंट में घायल मरीज को तुरंत ब्लड चाहिए, किसी मां को डिलीवरी के समय खून की जरूरत है या कैंसर के इलाज में बार-बार ट्रांसफ्यूजन की जरूरत पड़ती है. ऐसे वक्त पर अगर समय पर खून न मिले, तो जिंदगी और मौत के बीच का फर्क कम होने लगता है. यहीं पर रक्तदाता किसी फरिश्ते की तरह सामने आते हैं.
विश्व रक्तदाता दिवस की थीम-
विश्व रक्तदाता दिवस को हर साल एक थीम के द्वारा मनाया जाता है. इस साल की थीम की बात करें तो इस साल विश्व रक्तदाता दिवस 2026 की थीम है मानवता की एक बूंद. रक्तदान करें, जीवन बचाएं.

रक्तदान करके आप किसी की जान बचा सकते हैं. (Image NDTV)
क्यों कहा जाता रक्तदान सबसे बड़ा दान है-
खून किसी फैक्ट्री में नहीं बनता. इसे मशीनों से तैयार नहीं किया जा सकता. यह सिर्फ इंसान ही इंसान को दे सकता है. आपकी एक छोटी सी पहल किसी अनजान इंसान के लिए जीवनदान बन सकती है. इसलिए कहा जाता है रक्तदान सबसे बड़ा दान है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक हर साल करोड़ों यूनिट खून की जरूरत पड़ती है, लेकिन कई देशों में इसकी कमी बनी रहती है, खासकर भारत जैसे देशों में जहां जनसंख्या ज्यादा है लेकिन स्वैच्छिक रक्तदान की रफ्तार अभी भी जरूरत से कम है. इसी कमी को पूरा करने के लिए हर साल जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं ताकि लोग आगे आएं और नियमित रूप से रक्तदान करें.
रक्तदान को लेकर मिथ- (Myths about blood donation)
रक्तदान को लेकर लोगों के मन में कई तरह की गलतफहमियां भी होती हैं. कुछ लोग सोचते हैं कि इससे कमजोरी आ जाएगी, शरीर पर असर पड़ेगा या यह दर्दनाक प्रक्रिया है. लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है. डॉक्टरों के अनुसार एक स्वस्थ व्यक्ति हर तीन महीने में आसानी से रक्तदान कर सकता है. रक्तदान के बाद शरीर जल्दी ही नया खून बना लेता है और कोई स्थायी कमजोरी नहीं होती, बल्कि इसके कई फायदे भी हैं.
रक्तदान करने के फायदे-
नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन का स्तर नियंत्रित रहता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा कम हो सकता है. इसके अलावा जब आप रक्तदान करते हैं, तो आपकी एक छोटी सी हेल्थ चेकअप भी हो जाती है, जिससे कई बार छुपी हुई स्वास्थ्य समस्याओं का पता चल सकता है.
कहां जाकर कर सकते हैं रक्तदान-
आजकल स्कूल, कॉलेज, ऑफिस और अस्पतालों में ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जाते हैं. जहां लोग समूह में आकर रक्तदान करते हैं. आप भी अपने आस-पास पता करके ये नेक काम कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- कैंसर की ये दवाएं हो गई महंगी, खसरे और टिटनेस के टीके का भी बढ़ा दाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं