विज्ञापन

वजन घटाने वाली दवा Wegovy को लेकर चिंता, स्टडी में आंखों की बीमारी से जुड़ा संकेत

Wegovy और अन्य Semaglutide दवाओं को लेकर नई स्टडी में आंखों की दुर्लभ बीमारी Ischemic Optic Neuropathy का संभावित जोखिम सामने आया है. जानिए रिसर्च क्या कहती है और किन लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए.

वजन घटाने वाली दवा Wegovy को लेकर चिंता, स्टडी में आंखों की बीमारी से जुड़ा संकेत

आजकल चारों तरफ सिर्फ एक ही चीज की होड़ लगी है, वो है किसी भी तरह वजन कम करना. जिम जाने या डाइटिंग करने की मेहनत से बचने के लिए लोग ऐसी दवाइयों के पीछे भाग रहे हैं जो रातों-रात करिश्मा कर दें. इसी दौड़ में वेगोवी (Wegovy) नाम की दवा बहुत तेजी से मशहूर हुई है. हॉलीवुड स्टार्स से लेकर आम लोग तक इसका नाम जप रहे हैं.

वेगोवी जीएलपी-1 (GLP-1) ग्रुप की एक दवा है, जिसके अंदर सेमाग्लूटाइड नाम का सॉल्ट होता है. इसने कई लोगों का भारी-भरकम मोटापा घटाकर उनकी जिंदगी तो आसान की, पर अब एक ताजा रिसर्च ने डॉक्टरों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं.

ताजा रिसर्च में सामने आया है कि वेगोवी के ज्यादा डोज लेने से आंखों की एक बेहद दुर्लभ और गंभीर बीमारी का खतरा बढ़ सकता है. हालात इतने बिगड़ सकते हैं कि इंसान की आंखों के आगे अचानक अंधेरा छा जाए या हमेशा के लिए रोशनी चली जाए.

तो क्या सच में यह दवा अंधा बना देती है?

इसे सुनकर सीधे घबराने की जरूरत नहीं है. रिसर्च यह बिल्कुल नहीं कहती कि वेगोवी लेने वाले हर इंसान की आंखें खराब हो जाएंगी. असल में वैज्ञानिकों को इस दवा और 'इस्केमिक ऑप्टिक न्यूरोपैथी' (ION) नाम की बीमारी के बीच एक गहरा लिंक नजर आया है.

आम बोलचाल में डॉक्टर इसे आंखों का स्ट्रोक यानी "आई स्ट्रोक" कहते हैं. इसे थोड़ा आसान भाषा में समझते हैं:

  • हमारी आंखों से जो नस दिमाग तक तस्वीर लेकर जाती है, उसे ऑप्टिक नर्व कहते हैं.
  • जब किसी वजह से इस नस तक खून और ऑक्सीजन का पहुंचना अचानक कम या बंद हो जाता है, तो नस सूखने लगती है.
  • ठीक वैसे ही जैसे दिमाग में खून की सप्लाई रुकने पर पैरालिसिस या स्ट्रोक होता है, वैसा ही आंखों के साथ होता है.
  • अगर नस को समय पर खून नहीं मिला तो आंखों की देखने की छमता हमेशा के लिए खत्म हो सकती है.

स्टडी में आखिर क्या निकलकर आया?

यह रिपोर्ट ब्रिटिश जर्नल ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी में छपी है. वैज्ञानिकों ने अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के पास 2017 से 2024 के बीच आई करीब 3 करोड़ से ज्यादा शिकायतों को बारीकी से खंगाला.

इनमें से 31,000 से ज्यादा शिकायतें उन दवाओं की थीं जिनमें सेमाग्लूटाइड सॉल्ट था. वैज्ञानिकों ने ओजेंपिक (Ozempic), रिबेल्सस (Rybelsus) और वेगोवी की आपस में तुलना की.

ओजेंपिक बाजार में बहुत पहले से है, इसलिए इसके नाम पर शिकायतें ज्यादा थीं. लेकिन जब बात आंखों के इस स्ट्रोक के खतरे की आई, तो वेगोवी का रिस्क सबसे ज्यादा निकला. आंकड़ों के हिसाब से वेगोवी में यह खतरा ओजेंपिक के मुकाबले लगभग 5 गुना ज्यादा पाया गया.

Watch Video- 

वेगोवी में ही इतना खतरा क्यों दिख रहा है?

अब आप सोचेंगे कि जब ओजेंपिक और वेगोवी दोनों में एक ही सॉल्ट है, तो वेगोवी से ही आंखों पर इतनी आफत क्यों?

वैज्ञानिकों का मानना है कि इसकी सबसे बड़ी वजह दवा की डोज यानी खुराक है. ओजेंपिक को आमतौर पर टाइप 2 डायबिटीज के इलाज के लिए दिया जाता है, जहां इसकी डोज कम रखी जाती है.

दूसरी तरफ वेगोवी को मोटापा घटाने के लिए बहुत हाई डोज में इंजेक्शन के जरिए दिया जाता है. ज्यादा डोज होने की वजह से शायद शरीर के ब्लड प्रेशर, खून की रफ्तार और नसों के पानी पर ऐसा असर पड़ता है जो सीधे आंख की नाजुक नस को दबा देता है.

एक और हैरान करने वाली बात: पुरुषों पर ज्यादा असर

इस रिसर्च में एक बहुत ही अजीब बात भी सामने आई है. वेगोवी का यह साइड इफेक्ट महिलाओं के मुकाबले पुरुषों में ज्यादा देखा गया.

स्टडी के मुताबिक वेगोवी लेने वाले पुरुषों में यह खतरा महिलाओं से तीन गुना ज्यादा दर्ज किया गया. पुरुष मरीजों में इस आई स्ट्रोक का सिग्नल बहुत ज्यादा मजबूत मिला. हालांकि वैज्ञानिक अभी भी इस पहेली को सुलझाने में लगे हैं कि आखिर पुरुषों की नसें इस दवा पर इस तरह क्यों रिएक्ट कर रही हैं.

लक्षण जिन्हें कभी मामूली समझने की भूल न करें

अगर कोई इंसान यह दवा ले रहा है, तो उसे अपनी आंखों में होने वाले किसी भी बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

  1. एक या दोनों आंखों से अचानक सब कुछ धुंधला दिखाई देना.
  2. आंखों के सामने काले धब्बे या अंधेरे के पैच नजर आना.
  3. रंगों की पहचान करने में अचानक दिक्कत होना.
  4. किसी एक आंख की रोशनी बहुत तेजी से गिर जाना.
  5. साइड विजन यानी किनारे की चीजें ठीक से न दिखना.

अगर इनमें से कोई भी परेशानी महसूस हो, तो इसे नींद की कमी या थकान समझकर ना टालें, फौरन आंखों के डाक्टर के पास जाएं.

मरीजों को अब क्या करना चाहिए?

क्या इस खबर को पढ़कर कल से ही अपनी दवा बंद कर देनी चाहिए? बिल्कुल नहीं. डाक्टर साफ कहते हैं कि अपनी मर्जी से कोई भी दवा छोड़ना बेवकूफी होगी.

यह बीमारी बहुत गंभीर जरूर है, लेकिन यह बहुत ही दुर्लभ मामलों में होती है. यानी लाखों में से किसी एक को. मोटापा अपने आप में दिल का दौरा, शुगर और कैंसर जैसी बीमारियों की जड़ है, और वेगोवी लाखों लोगों का वजन घटाकर उनकी जान बचा रही है. अभी वैज्ञानिकों को और ज्यादा मरीजों पर लंबे समय तक रिसर्च करनी होगी ताकि ठोस नियम तय किए जा सकें.

अगर आप यह दवा ले रहे हैं, तो सबसे पहले अपने डॉक्टर से खुलकर बात करें. अगर आपको पहले से ब्लड प्रेशर या आंखों से जुड़ी कोई परेशानी है, तो उन्हें जरूर बताएं. किसी के बहकावे में आकर न तो खुद से डोज बढ़ाएं और न ही दवा अचानक बंद करें. वजन घटाएं, लेकिन अपनी आंखों की हिफाजत को दांव पर लगाकर नहीं.

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है. यह किसी योग्य डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है. किसी भी दवा को शुरू करने या बंद करने से पहले हमेशा अपने विशेषज्ञ डाक्टर से परामर्श जरूर लें.

FAQ
Wegovy क्या है?

Wegovy एक प्रिस्क्रिप्शन दवा है जिसमें Semaglutide होता है और इसका उपयोग मोटापा प्रबंधन के लिए किया जाता है.

Eye Stroke क्या होता है?
Eye Stroke या Ischemic Optic Neuropathy ऐसी स्थिति है जिसमें ऑप्टिक नर्व तक रक्त प्रवाह प्रभावित हो सकता है और देखने की क्षमता पर असर पड़ सकता है.

क्या Wegovy से अंधापन हो सकता है?
मौजूदा स्टडीज़ ने संभावित संबंध का संकेत दिया है, लेकिन अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि Wegovy सीधे तौर पर अंधेपन का कारण बनती है.

क्या Wegovy अचानक बंद कर देनी चाहिए?
नहीं. किसी भी दवा को डॉक्टर की सलाह के बिना बंद नहीं करना चाहिए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Wegovy, Ischemic Optic Neuropathy, Weight Loss Drugs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com