सर्दी आ गई है और गमले में आप बागवानी करने की सोच रहे हैं, तो धनिया या आलू उगाने के बजाय इस बार आप कुछ फल उगाइए. जी हां, जो फल बाजार में इन दिनों बहुत महंगे आ रहे हैं, उन्हें आप बाजार से खरीदने के बजाय घर पर ही उगा सकते हैं. आप स्ट्राबेरी घर के गमले में उगा सकते हैं. सर्दी में आपको स्ट्राबेरी घर की खाने को मिलेगी. वहीं, घर के गमले में उगाई गई स्ट्रॉबेरी का स्वाद बाजार में मिलने वाली स्ट्रॉबेरी से स्वाद में कई गुना बेहतर होता है. इस पौधे की सबसे अच्छी बात यह है की यह ज्यादा जगह नहीं लेता है और गमले में भी अच्छी से बढ़ सकता है. अच्छी धूप, समय से पानी डालना और सही देखभाल से आप अपने घर पर ही ताजी और मीठी स्ट्राबेरी उगा पाएंगे. चलिए जानते हैं कैसे स्ट्रॉबेरी का पौधा घर में लगाएं.
1. स्ट्रॉबेरी के लिए सही गमला और किस्म चुनें

स्ट्राबेरी ऐसे गमले में लगानी चाहिए, जिसमें पानी न इकठ्ठा हो. गमले की गहराई 20 से 30 सेंटीमीटर तक होनी चाहिए. इस पौधे के लिए मिट्टी का गमला (टेराकोटा) अच्छा माना जाता है, क्योंकि इस मिट्टी में ज्यादा पानी आराम से निकल जाता है. वहीं, आपके घर में जगह है, तो एक बड़े गमले के बजाये कई छोटे- छोटे गमलो में पौधा लगाना ज्यादा सही है.
2. पौधे को उचित गहराई पर लगाएं

स्ट्रॉबेरी लगाते समय सबसे जरूरी है कि पौधे का क्राउन (जहां पत्तियां और जड़ें मिलती हैं) मिट्टी के लेवल में हो. इस पौधे जो ज्यादा गहराई में लगाने से पौधा सड़ सकता है और बहुत ऊपर लगाने से जड़ सूख सकती हैं. अगर आप बड़े गमले में पौधा लगा रहे हैं, तो करीब 30 सेंटीमीटर की दूरी रखें. इससे उन्हें बढ़ने की जगह मिल जाएगी.
3. धूप और तापमान का रखें खास ध्यान

इस पौधे को अच्छी धूप की आवश्यकता होती है. इन्हे रोज 6 से 8 घंटे की धूप मिलनी ही चाहिए. इसलिए आप इसको घर के ऐसे हिस्से में रखें, जहां अच्छी धूप आती हो. स्ट्रॉबेरी 15 से 27 डिग्री सेल्सियस में अच्छे फल देती है. इस कारण इसको ठंडी में उगना ज्यादा आसान रहता है.
4 .पानी और खाद देने का सही तरीका अपनाएं

गमले की मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन अधिक पानी जमा नहीं होना चाहिए. पौधे को पानी देने से पहले मिट्टी की ऊपरी सतह जरूर देख लें. पानी हमेशा जड़ों के पास दें, ना की पत्तियों पर. हर 2 से 4 सप्ताह में संतुलित खाद देते रहना चाहिए, जिससे पौधा स्वस्थ रहे और अच्छी फसल हो सके.
5. स्ट्रॉबेरी तोड़ने का सही तरीका जानें

पौधे में निकलने वाली लंबी-लंबी शाखाओं या रनर्स को समय पर काटते रहने से पौधों की ऊर्जा फल बनाने में लगी रहती है. जब आपको स्ट्रॉबेरी अच्छी तरह लाल और पक्की हुई दिखने लगे तब उसको तोड़ लें. फल को खींचने से बेहतर कैंची से काट लें.
6. ज्यादा देर पौधे पर न छोड़ें पके फल

अगर आप पकी हुई स्ट्रॉबेरी को काफी समय तक पौधे पर छोड़ देंगे, तो पौधे पर कीड़े और फफूंद लगने का खतरा बढ़ जाता है और पके हुए फल पेड़ पर जल्दी खराब भी हो सकते हैं. इस लिए पौधा लगाने के बाद समय-समय पर इसकी जांच करते रहे और तैयार फलों को समय पर तोड़ते रहें.
प्रस्तुति : अर्चिता राय
यह भी पढ़ें: नाक-चेहरे के व्हाइटहेड्स से हो गए हैं परेशान? हटाने के लिए अपनाएं ये 3 तरीके, निखरेगी त्वचा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं