क्या आप जानते हैं कि आपका ब्लड ग्रुप कौन सा है? ज्यादातर लोग ए (A), बी (B), एबी (AB) या ओ (O) ग्रुप के बारे में ही जानते हैं. लेकिन अब मेडिकल साइंस की दुनिया से एक ऐसी बड़ी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. वैज्ञानिकों ने इंसानों में एक बिल्कुल नए ब्लड ग्रुप की खोज कर ली है. जी हां, ब्रिटेन और इजराइल के वैज्ञानिकों ने मिलकर एक नए ब्लड ग्रुप सिस्टम का पता लगाया है, जिसका नाम 'जामा' (JAMA) रखा गया है. खास बात यह है कि इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ ब्लड ट्रांसफ्यूजन (ISBT) ने इसे आधिकारिक तौर पर इंसानों का 49वां ब्लड ग्रुप सिस्टम मान लिया है. आइए बहुत ही आसान भाषा में जानते हैं कि आखिर यह नया ब्लड ग्रुप क्या है और इससे मरीजों को क्या फायदा मिलेगा.
कैसे हुई इस नए ब्लड ग्रुप की खोज?
यह दिलचस्प कहानी शुरू हुई एक इजराइली महिला और उसके भाई से. वैज्ञानिकों ने जब इन दोनों के खून के सैंपल (रक्त प्लाज्मा) की जांच की, तो उन्हें इसमें कुछ बेहद अजीब और दुर्लभ एंटीबॉडी मिले. जब इस मामले की गहराई से रिसर्च की गई, तो पता चला कि यह मामला आम ब्लड ग्रुप से बिल्कुल अलग है. वैज्ञानिकों ने पाया कि हमारे शरीर में F11R नाम का एक जीन होता है, जिससे JAMA प्रोटीन बनता है इन भाई-बहन के शरीर में इसी जीन और प्रोटीन के अंदर कुछ खास जेनेटिक चेंज पाए गए. इस दुर्लभ स्थिति वाले लोगों के खून में वे आम एंटीजन नहीं होते, जो बाकी लोगों में पाए जाते हैं.
गलत खून चढ़ाने का खतरा होगा खत्म-
यह खोज मेडिकल की दुनिया में एक बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है. परेशानी यह थी कि ऐसे दुर्लभ ब्लड ग्रुप वाले लोगों को अगर कभी आम लोगों वाला खून चढ़ा दिया जाए, तो उनका शरीर बहुत खतरनाक रिएक्शन दे सकता है. कई बार यह स्थिति मरीज के लिए जानलेवा भी साबित हो सकती है. अब वैज्ञानिकों की इस नई खोज और डीएनए टेस्ट की मदद से डॉक्टर्स पहले ही यह पता लगा सकेंगे कि किस मरीज या डोनर का ब्लड ग्रुप 'जामा' है. इससे अस्पताल में खून चढ़ाने के दौरान होने वाली बड़ी गलतियों और खतरों को आसानी से रोका जा सकेगा. जिन लोगों का ब्लड ग्रुप बहुत दुर्लभ है, उनका इलाज अब पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और सटीक हो जाएगा.
ये भी पढ़ें- तालाब में उगने वाली कुमुदनी क्यों कहलाती है सेहत का खजाना? जानिए इसके फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं