Today Live Update News: प्रयागराज में लगातार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में हुए भीषण जलभराव पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दर्ज की है. मंगलवार को जलभराव इतना गंभीर था कि जजों को भी कोर्ट पहुंचने में परेशानी हुई और सुनवाई देर से शुरू हुई. जस्टिस अजीत कुमार और जस्टिस गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए डीएम और नगर आयुक्त प्रयागराज को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है.
झारखंड सरकार ने छात्र आंदोलन के बीच JSSC-CGL परीक्षा निरस्त करने का फैसला किया है. इस फैसले के बाद छात्र नेता देवेंद्र महतो ने अपना अनशन खत्म कर दिया है. मंत्री इरफान अंसारी और दीपिका पांडे सिंह ने अस्पताल पहुंचकर छात्र नेता देवेंद्र महतो का अनशन खत्म करवाया. हालांकि अभी छात्रों ने आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है, क्योंकि छात्र सीबीआई से जांच की मांग पर अड़े हैं.
Live Update
प्रयागराज में जलभराव पर हाईकोर्ट सख्त
प्रयागराज में लगातार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में हुए भीषण जलभराव पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दर्ज की है. मंगलवार को जलभराव इतना गंभीर था कि जजों को भी कोर्ट पहुंचने में परेशानी हुई और सुनवाई देर से शुरू हुई. जस्टिस अजीत कुमार और जस्टिस गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए डीएम और नगर आयुक्त प्रयागराज को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने पूछा है कि निचले इलाकों में जलभराव रोकने के लिए पहले से पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए. वहीं नगर विकास विभाग के सचिव को विस्तृत हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया गया है.
उत्तराखंड में बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट'
उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और उधमसिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ ‘ऑरेंज अलर्ट' वहीं बाकी जिलों में ‘येलो अलर्ट' जारी किया है. बारिश से भूस्खलन के कारण प्रदेश में अनेक सड़कें अवरुद्ध हो गईं जिन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं.
ओडिशा में कई जगह बाढ़ जैसे हालात
बंगाल की खाड़ी में बने प्रेशर की वजह से ओडिशा में भारी बारिश हो रही है. कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है. इस बीच मौसम विभाग ने कल भी ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी ने सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बरगढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है.
बिहार का मौसम
बिहार में. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 अगस्त को बिहार में व्यापक बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा 24 अगस्त तक तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने का भी अनुमान है.
दिल्ली-NCR में कल कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है
दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है. लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी नहीं होने से दिन के समय भी मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार कल और 20 अगस्त को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है.
यूपी में भारी बारिश
उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है. जिससे कई शहरों में जलभराव की स्थिति देखी जा रही है. प्रयागराज में भी बारिश के बाद गंगा नदी उफान पर हैं. यहां कई इलाकों में पानी भरा हुआ है. पश्चिम बंगाल के आसनसोल में भी भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान समेत 14 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है.
बीजेपी ने नए प्रभारियों की घोषणा
बीजेपी ने राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है. जगदीश पटेल यूपी के सह प्रभारी होंगे. यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है. जबकि तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है. वहीं सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है.
केरल के कोझिकोड में ED की झापेमारी
केरल के कोझिकोड में 8 अलग-अलग जगहों पर ईडी की छापेमारी हुई है. ये छापेमारी 27 मई 2026 को CMRL ग्रुप के खिलाफ की गई सर्च कार्रवाई का फॉलोअप है. मई में हुई उस कार्रवाई के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा से जुड़े पैसों के लेन-देन के कुछ नए सबूत सामने आए थे. अब ईडी उन लोगों के ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं, जिनका इस मनी ट्रेल यानी पैसों के लेन-देन से कनेक्शन सामने आया है.तलाशी के दौरान दस्तावेजों और दूसरे अहम सबूतों की जांच की जा रही है.
ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा
ग्वालियर में मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन ट्रक से टकरा गया. जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई. घटना ग्वालियर में NH-19 पर हुई है. जिसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सुप्रीम कोर्ट में आज कई अहम मामलों पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को कई अहम मामलों में सुनवाई होनी है. जंतर-मंतर प्रदर्शनकारी को धमकी और निगरानी के आरोपों पर आज सुनवाई होगी, जबकि संभल जामा मस्जिद-हरिहर मंदिर विवाद पर भी सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी.
यूपी-बिहार समेत 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार समेत देश के 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के बाद गंगा, यमुना समेत कई नदियां उफान पर चल रही हैं. प्रयागराज और बनारस में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. जबकि ओडिशा में भी लगातार बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में मंगलवार को झमाझम बारिश की संभावना है.
झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा निरस्त
झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए JSSC-CGL परीक्षाओं को निरस्त करने का फैसला किया है. जिसके बाद छात्र नेता देवेंद्र महतो ने अनशन खत्म कर दिया है. हालांकि छात्र सीबीआई की मांग पर अड़े हुए हैं. सीएम हेमंत सोरेन ने सोमवार की रात में परीक्षाएं निरस्त करने का फैसला किया है.