Nepal Flood Safety Tips: नेपाल में बुधवार सुबह को अचानक से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. कुछ आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 157 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. वहीं, सैकड़ों लोगों के लापता होने की खबर है. इन लापता लोगों में से नेपाल समेत 25 देशों के 403 लोग भी शामिल हैं, जिसमें सबसे ज्यादा 133 भारतीय लापता हैं. बताया जा रहा है कि सभी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे थे, जिनका अब तक कुछ पता नहीं चला है. नेपाल में आई बाढ़ ने चारों ओर लोगों के मन में एक सन्नाटा और डर बैठा दिया है. फिलहाल अभी भी सभी लोगों की तलाश जारी है.
बाढ़ की खबर के बाद अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि अगर किसी क्षेत्र में बाढ़ आए, तो ऐसी स्थिति में कैसे खुद का ध्यान रखना चाहिए. दिल्ली के शालीमार बाग में स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के डायरेक्टर एंड यूनिट चीफ - नेफ्रोलॉजी डॉ. योगेश छाबड़ा का कहना है कि बाढ़ जैसी आपदा सिर्फ पानी भरने तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसके बाद संक्रमण, दूषित पानी, बिजली के झटके और भोजन की कमी जैसी कई समस्याएं भी पैदा होने लगती हैं. ऐसे में लोगों को थोड़ा विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है. यहां जानते हैं इस बारे में-
बाढ़ के दौरान और बाद में क्या करें?
बाढ़ के दौरान और बाढ़ के बाद कुछ बातों का ध्यान रखें, जैसे-
1. सुरक्षित स्थान पर जाएं
अगर आपके इलाके में बाढ़ का खतरा हो, तो तुरंत ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाएं. प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर भरोसा न करें. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को प्राथमिकता दें.
2. दूषित पानी पीने से बचें
बाढ़ के दौरान पीने का पानी कई बार इंफेक्शन का काण बन सकता है. ऐसे में कोशिश करें कि सिर्फ उबला हुआ, फिल्टर किया हुआ या बोतलबंद पानी ही इस्तेमाल करें. दूषित पानी से डायरिया, हैजा और टाइफाइड जैसी बीमारियां फैल सकती हैं.
3. बिजली के तारों और लाइन से बनाकर रखें दूरी
पानी भरे इलाके में बिजली का करंट फैल सकता है. गिरे हुए बिजली के तार, खुले स्विच या पानी में डूबे उपकरणों को छूने से बचें. अगर घर में पानी घुस गया हो, तो मुख्य बिजली सप्लाई बंद कर दें.
4. खाने-पीने की चीजों पर भी दें ध्यान
लंबे समय तक पानी के संपर्क में रहे कोशिश करें कि इस दौरान खुला हुआ खाना न खाएं. दरअसल, खराब या सड़ा हुआ भोजन फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है. सूखा राशन, बिस्कुट, पैक्ड फूड और स्वच्छ पेयजल का स्टॉक रखें.
5. मच्छरों और संक्रमण से करें बचाव
बाढ़ के बाद जमा पानी मच्छरों के पनपने की जगह बन जाता है. इससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया का खतरा बढ़ सकता है. मच्छरदानी, रिपेलेंट और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़ों का इस्तेमाल करें.
इमरजेंसी किट जरूर रखें
इसके अलावा अगर आप जहां रहते हैं, वो एरिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है, तो हमेशा एक इमरजेंसी किट बनाकर रखें. इसमें पीने का पानी, ड्राई फूड, जरूरी दवाइयां, टॉर्च, मोबाइल चार्जर, बैटरी, पहचान पत्र और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की कॉपी शामिल होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें - नेपाल बाढ़ में 157 की मौत, 750 लापता, मलबे में अपनों को खोजते गुजरी आपदा की पहली रात- जानें अब तक क्या-क्या हुआ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं