सुबह उठकर हम में से कई लोग फ्रेश महसूस करना चाहता है, लेकिन कई तरह की शारीरिक और मानसिक समस्याओं की वजह से हर किसी के साथ ऐसा नहीं हो पाता है. कुछ लोगों को सुबह उठते ही सिरदर्द होने लगता है. वहीं, कुछ लोगों को कमर दर्द. जिन लोगों को कमर दर्द की परेशानी रहती है, उन्हें लगता है कि शायद खराब गद्दे के कारण ऐसा हो रहा है. लेकिन हर बार ऐसा मान लेना सही नहीं होता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि हमारी कुछ रोजमर्रा की आदतें भी रातभर रीढ़ की हड्डी पर अतिरिक्त दबाव डालती हैं, जिसकी वजह से सुबह उठते समय कमर में दर्द महसूस हो सकता है.
फरीदाबाद स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ. विनीत बंगा का कहना है कि अगर कमर दर्द बार-बार हो रहा है, तो इसके पीछे कुछ सामान्य लेकिन नजरअंदाज न करने वाली आदतें हो सकती हैं. यहां जानते हैं इस बारे में-
1. गलत पोजीशन में सोना
पेट के बल सोने की आदत कमर दर्द का एक बड़ा कारण है. इस स्थिति में रीढ़ की हड्डी अपनी नैचुरल अवस्था में नहीं रह पाती और पीठ के निचले हिस्से पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. लंबे समय तक ऐसा करने से सुबह उठने पर दर्द और अकड़न महसूस हो सकती है.
2. गलत तकिए का इस्तेमाल
अगर तकिया सिर और गर्दन को सही सपोर्ट नहीं देता, तो पूरी रीढ़ की हड्डी का संतुलन बिगड़ सकता है. इससे गर्दन, कंधों और कमर में तनाव बढ़ता है, जो सुबह दर्द का कारण बन सकता है.
3. पूरी रात एक ही पोजीशन में रहना
रातभर एक ही स्थिति में सोने से मांसपेशियां और जोड़ अकड़ सकते हैं. इससे शरीर की लचक कम होती है और सुबह उठते समय कमर में जकड़न या दर्द महसूस होने लगती है.
4. शारीरिक गतिविधियों की कमी
नियमित व्यायाम न करने से कमर और पेट की मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं. ये मांसपेशियां रीढ़ की हड्डी को सहारा देती हैं. जब ये कमजोर हो जाती हैं तो कमर पर दबाव बढ़ जाता है और दर्द की संभावना भी बढ़ जाती है.
5. बिस्तर से अचानक उठ जाना
कई लोग नींद खुलते ही तेजी से उठकर झुकने लगते हैं. रातभर की निष्क्रियता के बाद मांसपेशियां थोड़ी सख्त रहती हैं. ऐसे में अचानक उठना या झुकना कमर पर अनावश्यक दबाव डाल सकता है.
कमर दर्द से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. बंगा का कहना है कि कमर दर्द से बचने के लिए पीठ या करवट लेकर सोना बेहतर होता है. सही ऊंचाई वाला तकिया इस्तेमाल करें, सुबह बिस्तर से उठने से पहले हल्की स्ट्रेचिंग करें और दिनभर शारीरिक रूप से सक्रिय रहें.
ये भी पढ़ें - कमर दर्द को कभी भी न करें नजरअंदाज, ये 5 गंभीर बीमारियां भी हो सकती हैं वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं