विज्ञापन

कमर दर्द को कभी भी न करें नजरअंदाज, ये 5 गंभीर बीमारियां भी हो सकती हैं वजह

क्या आप लंबे समय से कमर दर्द से परेशान हैं? अगर हां, तो इसे इग्नोर न करें. कई मामलों में कुछ गंभीर स्थितियों की वजह से कमर दर्द की परेशानी हो सकती है. यहां जानते हैं इस बारे में-

कमर दर्द को कभी भी न करें नजरअंदाज, ये 5 गंभीर बीमारियां भी हो सकती हैं वजह
Back Pain Causes : इन 5 गंभीर कारणों से हो सकता है कमर दर्द

कमर या फिर पीठ दर्द की परेशानी आज के समय में काफी ज्यादा कॉमन हो चुकी है. इसके पीछे कई सामान्य कारण हो सकते हैं, जिसमें लंबे समय तक बैठकर काम करना, गलत पोस्चर, भारी वजन उठाना या मांसपेशियों में खिंचाव. लेकिन अगर आपकी ये परेशानी काफी लंबे समय से है और ठीक नहीं हो रही है, तो इसके पीछे कुछ गंभीर कारण भी हो सकते हैं. इसलिए लंबे समय तक होने वाली कमर दर्द की परेशानी को बिल्कुल भी इग्नोर न करें. 

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में स्थित यशोदा मेडिसिटी के प्रिंसिपल कंसल्टेंट न्यूरोसर्जन डॉ. गौरव बत्रा का कहना है कि अगर कमर दर्द दर्द लंबे समय तक बना रहे या इसके साथ अन्य लक्षण दिखाई दें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. यहां जानते हैं किन कारणों से कमर दर्द की परेशानी हो सकती है?

किडनी डिजीज हो सकती है कमर दर्द की वजह

किडनी स्टोन या किडनी इंफेक्शन की वजह से भी पीठ के निचले हिस्से या कमर के दोनों ओर दर्द हो सकता है. अगर कमर या पीठ दर्द के साथ आपको बुखार, मतली, पेशाब में जलन या खून आने जैसी समस्याएं हों, तो यह मेडिकल इमरजेंसी हो सकती है. ऐसी स्थिति में तुरंत अपने डॉक्टर की सलाह लें. 

स्पाइनल डिस्क की समस्या

डॉक्टर का कहना है कि रीढ़ की हड्डी के बीच मौजूद डिस्क में खराबी आने पर नसों पर दबाव पड़ सकता है. इससे पीठ में तेज दर्द के साथ पैरों में सुन्नपन, झनझनाहट या कमजोरी महसूस हो सकती है. ऐसे मामलों में एक्सपर्ट की सलाह लेने की जरूरत होती है.

ऑस्टियोपोरोसिस के कारण भी होता है कमर दर्द

ऑस्टियोपोरोसिस एक ऐसी स्थिति है, जिसमें हड्डियां कमजोर और भंगुर हो जाती हैं. ऐसे में मामूली चोट या बिना किसी बड़ी वजह के भी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो सकता है. डॉक्टर कहते हैं कि अगर आपको अचानक तेज पीठ दर्द शुरू हो जाए, तो इसकी जांच करानी चाहिए.

गठिया या स्पाइनल स्टेनोसिस

न्यूरोसर्जन का कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ रीढ़ की हड्डी में होने वाले बदलावों की वजह से गठिया या स्पाइनल स्टेनोसिस की समस्या हो सकती है. इससे लगातार दर्द, अकड़न, पैरों में झनझनाहट और चलने-फिरने में कठिनाई हो सकती है.

गंभीर संक्रमण या कैंसर

डॉक्टर गौरव कहते हैं गंभीर संक्रमण या कैंसर की स्थिति काफी दुर्लभ है, लेकिन कुछ गंभीर संक्रमण या कैंसर भी रीढ़ की हड्डी को प्रभावित कर सकते हैं. अगर पीठ दर्द के साथ अचानक वजन कम होना, लगातार बुखार, रात में बढ़ने वाला दर्द या कैंसर का पुराना इतिहास हो, तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए.

ये भी पढ़ें - बिना दवा कमर दर्द से पाएं राहत! क्या है काइरोप्रैक्टिक एडजस्टमेंट, कैसे करती है काम?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Back Pain, Back Pain Cause, Back Pain Caused By Desk Job, Back Pain Causes In The Morning, Back Pain Causs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com