विज्ञापन

आंखों से धुंधला दिखने लगा है? शरीर में इस विटामिन की कमी से आंखों की रोशनी होती है कम

क्या आपकी आंखों की रोशनी कमजोर हो रही है? जानिए Vitamin A की कमी के लक्षण, आंखों पर इसके प्रभाव और कौन-सी चीजें खाकर इसकी पूर्ति की जा सकती है.

आंखों से धुंधला दिखने लगा है? शरीर में इस विटामिन की कमी से आंखों की रोशनी होती है कम
आंखों की रोशनी कमजोर होने के पीछे कहीं इस विटामिन की कमी तो नहीं? ये संकेत दिखें तो हो जाएं सतर्क
NDTV

आंखों की रोशनी कम होना हमेशा बढ़ती उम्र या मोबाइल और लैपटॉप का ज्यादा इस्तेमाल करने की वजह से ही नहीं होता. कई बार शरीर में एक जरूरी विटामिन की कमी भी इसका कारण बन सकती है. अगर आपको शाम या रात के समय पहले की तुलना में कम दिखाई देता है, तो इसे सिर्फ थकान या ज्यादा स्क्रीन टाइम समझकर नजरअंदाज न करें. यह Vitamin A की कमी का शुरुआती संकेत भी हो सकता है. शुरुआत में इसके संकेत इतने हल्के होते हैं कि लोग उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन अगर समय रहते इस कमी को पूरा न किया जाए, तो आंखों की परेशानी बढ़ सकती है.

ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आंखों की सेहत के लिए सबसे अहम विटामिन कौन-सा है, इसकी कमी होने पर क्या लक्षण दिखाई देते हैं और किन चीजों को खाने से इसकी पूर्ति की जा सकती है.

कौन-सा विटामिन आंखों की रोशनी के लिए सबसे जरूरी है?

विटामिन ए आंखों की अच्छी रोशनी बनाए रखने में सबसे अहम भूमिका निभाता है. यह आंखों के रेटिना को सामान्य रूप से काम करने में मदद करता है. जब रोशनी आंख में प्रवेश करती है, तो रेटिना उसे पहचानकर दिमाग तक संदेश भेजती है.

इस पूरी प्रक्रिया में रेटिना की रॉड सेल्स के अंदर मौजूद रोडॉप्सिन नाम का पदार्थ अहम भूमिका निभाता है. इसे बनाने के लिए विटामिन ए की जरूरत होती है.

अगर शरीर में विटामिन ए की कमी हो जाए, तो रोडॉप्सिन कम बनने लगता है. इसका असर सबसे पहले कम रोशनी में देखने की क्षमता पर पड़ता है. शाम या रात के समय धुंधला दिखाई देने लगता है.

अगर समय रहते इस कमी को पूरा न किया जाए, तो आंखों की बाहरी सतह और कॉर्निया को भी नुकसान पहुंच सकता है.

विटामिन ए की कमी के संकेत और इसे कैसे दूर करें

विटामिन ए की कमी होने पर सिर्फ आंखों की रोशनी ही प्रभावित नहीं होती.

  • शाम या रात में साफ न दिखना
  • आंखों में सूखापन महसूस होना
  • बार-बार आंखों में जलन होना
  • बार-बार संक्रमण होना भी इसके संकेत हो सकते हैं.

Also Read: 97 साल की महिला ने प्लेन के पंख पर खड़े होकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, मेरी मां ऐसा सोच भी नहीं सकतीं, आखिर क्यों?

इसे कैसे दूर करें

विटामिन ए की पूर्ति के लिए गाजर, शकरकंद, पालक, मेथी, हरी पत्तेदार सब्जियां, कद्दू, अंडा, दूध और डेयरी उत्पाद जैसे खाद्य पदार्थ फायदेमंद माने जाते हैं.

संतुलित भोजन लेने से ज्यादातर लोगों में इसकी जरूरत पूरी हो जाती है. बिना डॉक्टर की सलाह के विटामिन ए की सप्लीमेंट लेना सही नहीं माना जाता, क्योंकि इसकी जरूरत से ज्यादा मात्रा भी नुकसान पहुंचा सकती है.

ध्‍यान दें : 

यहां ये जानना भी जरूरी है कि हर बार आंखों की रोशनी कम होने की वजह सिर्फ विटामिन ए की कमी नहीं होती. कई बार मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, डायबिटीज और बढ़ती उम्र भी इसकी वजह हो सकती हैं.

इसलिए अगर अचानक धुंधला दिखने लगे, रात में देखने में परेशानी हो या आंखों से जुड़ी कोई नई समस्या महसूस हो, तो खुद से दवा या सप्लीमेंट लेने की बजाय नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच कराना सबसे सही कदम है.

यह भी पढ़ें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vitamin A Deficiency, Eyesight
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com