डायबिटीज का असर हमारे पूरे शरीर पर पड़ता है. चाहे टाइप 1 हो या टाइप 2, डायबिटीज मरीज की किडनी, लीवर और आंखों को भी प्रभावित करता है. हाल में एक इंफ्लूएंसर ने एक वीडियो शेयर कर बताया कि कैसे डायबिटीज की वजह से उनकी आंखें पूरी तरह से खराब हो गई थीं और वह कुछ देख नहीं पाती थीं. इंस्टाग्राम पर desidiabetic.nilima नाम के जानी जाने वाली नीलिमा ने बताया कि उनकी जिंदगी अच्छी खासी चल रही थी, वह एक यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर थीं, लेकिन फिर डायबिटीज से जुड़ी एक समस्या ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया
डायबिटीज ने बदल कर रख दी पूरी जिंदगी-
नीलिमा वीडियो में बताती हैं कि डायबिटीज की वजह से उनकी आंखों में डायबिटिक रेटिनोपैथी हो गई थी. उनको आंखों की कई बार सर्जरी करवानी पड़ी. एक समय ऐसा आया जब वह दोनों ही आंखों से देख नहीं पाती थीं. वीडियो में उन्होंने बताया कि उनकी एक आंख में डायबिटिक रेटिनोपैथी हो गई और आज तक उसमें रोशनी नहीं आई. वहीं दूसरी आंख में एक ऑटो इम्यून डिजीज हो गई जिसे यूवाइटिस कहते हैं. इस बीमारी के इलाज के दौरान उनकी आंखों में इंजेक्शन लगते थे और आंखों की कई सर्जरीज भी हुईं. इस बीमारी से उभरने के बाद अब वह इसे लेकर लोगों में जागरूकता फैला रही हैं. आइए जानते हैं कि ये बीमारी क्या है और इसके लक्षण क्या है.
डायबिटिक रेटिनोपैथी क्या होती है? (What is diabetic retinopathy?)
डायबिटिक रेटिनोपैथी डायबिटीज से जुड़ा एक कॉम्प्लीकेशन है जो आंखों को प्रभावित करता है. यह आंख के पिछले हिस्से में मौजूद लाइट-सेंसेटिव टिशू, जिसे रेटिना कहते हैं, में रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचने के कारण होती है. डायबिटिक रेटिनोपैथी टाइप 1 या टाइप 2 डायबिटीज वाले किसी भी व्यक्ति को हो सकती है. डायबिटीज के मरीज अगर ब्लड शुगर को कंट्रोल में नहीं रखते तो इसका जोखिम बढ़ जाता है.
डायबिटिक रेटिनोपैथी के लक्षण- (Symptoms of Diabetic Retinopathy)
शुरुआत में, डायबिटिक रेटिनोपैथी के कोई लक्षण नहीं दिखते या केवल हल्की दृष्टि संबंधी समस्याएं हो सकती हैं. लेकिन यह अंधापन का कारण बन सकती है, खासकर अगर डायबिटीज को ठीक से नियंत्रित नहीं किया जाता है.
कुछ लोगों में डायबिटिक रेटिनोपैथी के शुरुआती चरणों में कोई लक्षण नहीं होते हैं. हालांकि स्थिति बिगड़ने पर ये लक्षण दिख सकते है.
- आंखों के सामने काले धब्बे या धागे तैरना. इसे फ्लोटर्स कहते हैं.
- धुंधला दिखना
- नजर का बदल जाना
- आंखों में काले या खाली जगह दिखना
- नजर कम हो जाना
- धीरे-धीरे या एकदम से दिखना बंद हो जाना
डॉक्टर से कब मिलें?
अगर आपकी नजर अचानक बदल जाए, या धुंधली, धब्बेदार या अस्पष्ट हो जाए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
ये भी पढ़ें- बार-बार होने वाला सिरदर्द हो सकता है खतरे की घंटी, भूलकर भी न करें ये गलती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं