बदलते मौसम में बीमार पड़ने का खतरा सबसे ज्यादा होता है. जब हम बीमार होते हैं और शरीर का तापमान बढ़ा होता है, तब हमारे मन में कई तरह के सवाल आते हैं. खासकर उन लोगों के लिए जो रोज जिम जाते हैं या फिटनेस को लेकर बहुत एक्टिव रहते हैं, यह सोचना आम है कि क्या बुखार में भी थोड़ी-बहुत कसरत की जा सकती है? अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो यह आर्टिकल आपके लिए है. आइए डॉक्टर से जानते हैं.
क्या बुखार में एक्सरसाइज करना सही है या गलत?
डॉक्टर मगन के मुताबिक, बुखार होने पर एक्सरसाइज करना पूरी तरह से गलत है. जब आपको बुखार होता है, तो इसका मतलब साफ है कि आपका शरीर किसी अंदरूनी संक्रमण या बीमारी से लड़ रहा है. ऐसे में आपके शरीर का इम्यून सिस्टम पहले से ही बहुत मेहनत कर रही होती है. अगर आप इस हालत में वर्कआउट करते हैं, तो आप अपने शरीर पर जरूरत से ज्यादा दबाव डाल रहे होते हैं.
शरीर पर क्या पड़ता है असर?
- जब आप बुखार में पसीना बहाने की कोशिश करते हैं, तो शरीर के अंदर कई तरह की दिक्कतें शुरू हो सकती हैं-
- डिहाइड्रेशन- बुखार की वजह से शरीर का तापमान वैसे ही ज्यादा होता है और पसीना निकलने से शरीर में पानी की कमी तेजी से हो सकती है.
- कमजोरी- आपकी सारी एनर्जी बीमारी से लड़ने में लग रही होती है. ऐसे में जिम जाने या दौड़ने से आपकी ताकत बिल्कुल खत्म हो सकती है और आप और ज्यादा बीमार पड़ सकते हैं.
- बीमारी का लंबा खिंचना- अगर आप आराम करने की बजाय शरीर को थकाएंगे, तो जो बुखार दो-तीन दिन में ठीक होने वाला था, वह हफ्ता भर भी टिक सकता है.
- दिल की धड़कन बढ़ना- एक्सरसाइज करने से दिल तेजी से धड़कता है और शरीर का तापमान और बढ़ जाता है, जो दिल और फेफड़ों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.

कब एक्सरसाइज करना चाहिए और कब नहीं. (Image NDTV)
नेक रूल को समझें-
डॉक्टर मगन एक बहुत ही आसान नियम बताते हैं जिसे नेक रूल कहा जाता है. इसके जरिए आप खुद तय कर सकते हैं कि आपको वर्कआउट करना चाहिए या नहीं-
- गर्दन से ऊपर की समस्या- अगर आपको सिर्फ हल्की नाक बह रही है या मामूली छींके आ रही हैं. तो आप बहुत हल्की-फुल्की स्ट्रेचिंग कर सकते हैं.
- गर्दन से नीचे की समस्या- अगर आपको बुखार है, बदन दर्द है, उल्टी जैसा लग रहा है या खांसी के साथ सीने में जकड़न है, तो आपको बिस्तर पर पूरी तरह आराम करना चाहिए.
बुखार उतरने के बाद क्या करें?
- आपका बुखार उतर गया है, तो क्या आपको तुरंत अगले दिन से भारी वजन उठाने शुरू कर देने चाहिए?
- डॉक्टर मगन सलाह देते हैं कि ऐसा बिल्कुल न करें. बुखार पूरी तरह ठीक होने के बाद भी शरीर को रिकवर होने में कम से कम दो से तीन दिन का वक्त चाहिए होता है.
- शुरुआत में हल्की वॉकिंग से शुरुआत करें. जब आपको लगे कि आपका शरीर पूरी तरह एनर्जी से भर गया है और बिना थके काम कर रहा है, तभी अपनी पुरानी फिटनेस रूटीन या जिम पर वापस लौटें.
डॉ. मगन मेहरोत्रा उत्तर प्रदेश के अग्रणी रोबोटिक और मिनिमल एक्सेस सर्जनों में से एक हैं. वे मुरादाबाद स्थित एपेक्स हॉस्पिटल में MAS (Minimal Access Surgery) एवं रोबोटिक्स विभाग के प्रमुख हैं और रोबोटिक, 3D लैप्रोस्कोपिक तथा बैरिएट्रिक सर्जरी के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनका केंद्र एक प्रमुख रोबोटिक सर्जरी यूनिट के रूप में स्थापित है.
ये भी पढ़ें- बारिश के बाद जमा पानी बन सकता है खतरनाक, बीमारियों से बचने के लिए अपनाएं ये उपाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं