विज्ञापन
This Article is From May 03, 2025

गर्मी में गर्भवती महिलाएं कैसे रखें अपना ख्याल? डॉक्टर ने बताया क्या करना चाहिए और क्या नहीं

Pregnancy Care In Hot Weather: डॉ. मीरा पाठक ने बताया कि गर्भावस्था में शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिससे महिलाओं को पहले से ही पेट भरा हुआ महसूस होता है. इसके अलावा, जी मिचलाना, चक्कर आना, घबराहट और थकावट जैसे लक्षण होते हैं.

गर्मी में गर्भवती महिलाएं कैसे रखें अपना ख्याल? डॉक्टर ने बताया क्या करना चाहिए और क्या नहीं
Summer Care Tips: गर्मी के मौसम में गर्भवती महिलाओं को खास की जरूरत है.

Pregnancy Care In Hot Weather: गर्मियों की तपती धूप और बढ़ता तापमान हर किसी के लिए चुनौतीपूर्ण है, लेकिन गर्भवती महिलाओं के लिए यह समय खासतौर से सावधानी बरतने का होता है. गर्मी के मौसम में गर्भवती महिलाओं को खास की जरूरत है. इसी संबंध में हमने नोएडा स्थित सीएचसी भंगेल की सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. मीरा पाठक से खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने गर्मी के मौसम में गर्भवती महिलाओं को होने वाली समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.

यह भी पढ़ें: नीम की पत्तियां इन 5 स्वास्थ्य समस्याओं से राहत दिलाने में रामबाण, जानिए आप कैसे कर सकते हैं इस्तेमाल

क्या कहते हैं डॉक्टर?

डॉ. मीरा पाठक ने बताया कि गर्भावस्था में शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिससे महिलाओं को पहले से ही पेट भरा हुआ महसूस होता है. इसके अलावा, जी मिचलाना, चक्कर आना, घबराहट और थकावट जैसे लक्षण होते हैं. गर्मी का मौसम इन लक्षणों को और ज्यादा बढ़ा देता है. उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं के शरीर में दो जीवन पल रहे होते हैं, इसलिए डिहाइड्रेशन के खतरे और भी ज्यादा हो जाते हैं. गर्मी में ब्लड प्रेशर गिरने या बढ़ने की संभावना रहती है, जिससे मां और बच्चे दोनों को नुकसान हो सकता है.

प्रेग्नेंसी में खाने का रखें ध्यान

डॉ. ने कहा कि गर्मियों में बाहर का खाना जल्दी खराब हो जाता है, जिससे पेट से जुड़ी बीमारियों जैसे डायरिया, टाइफॉइड और जॉन्डिस का खतरा बढ़ जाता है. गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की इम्यूनिटी कमजोर होती है, जिससे संक्रमण जल्दी पकड़ में आ सकता है और इसका असर सीधे बच्चे पर भी पड़ सकता है.

गर्भवती महिलाओं की त्वचा ज्यादा संवेदनशील 

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि गर्भवती महिलाओं की त्वचा ज्यादा संवेदनशील हो जाती है, जिससे स्किन रैशेज, इंफेक्शन और पिगमेंटेशन की संभावना बढ़ जाती है. गर्मी के दौरान शरीर का तापमान संतुलित रखना चुनौती बन जाता है, क्योंकि बाहर का तापमान 42-43 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि शरीर को 37 डिग्री पर बनाए रखना जरूरी होता है. इससे हीट वेव और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है.

यह भी पढ़ें: आम के साथ बिल्कुल नहीं खानी चाहिए ये 4 चीजें, बिगड़ सकती है आपकी तबीयत

8 से 10 गिलास पानी पिएं

गर्भवती महिलाओं के लिए जरूरी सावधानियां और सुझाव पर बात करते हुए डॉ. पाठक ने कहा कि डिहाइड्रेशन से बचने के लिए गर्भवती महिलाओं को दिन में कम से कम 8 से 10 गिलास पानी या अन्य लिक्विड जैसे नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और घर के बने फ्रेश जूस पीना चाहिए. उन्होंने कहा कि पैकेट या बाहर के जूस से परहेज करें. उन्होंने बाहर का या बासी खाना खाने से बचने की भी सलाह दी. डॉ. ने कहा कि इससे पेट के संक्रमण, उल्टी, दस्त और जॉन्डिस जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

फलों का सेवन करें

उन्होंने आगे कहा कि गर्भवती महिलाओं को अपनी डाइट में हाइड्रेटिंग फल शामिल करना चाहिए. तरबूज, खरबूजा, अंगूर, केला, खीरा और ककड़ी जैसे फलों को डाइट में शामिल करें. ये शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते और इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखते हैं. दूध की जगह दही खाएं, क्योंकि इसमें प्रोबायोटिक्स होते हैं जो पेट की सेहत को दुरुस्त रखते हैं और इसकी तासीर भी ठंडी होती है.

यह भी पढ़ें: क्या वाकई बासी रोटी खाना डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद है? ब्लड शुगर कम करता है या नहीं? जानिए

हल्के, ढीले कपड़े पहनें

डॉ. मीरा ने गर्मी के मौसम में गर्भवती महिलाओं को हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी. इसके साथ ही उन्होंने घर से बाहर जाने के दौरान सिर को दुपट्टा या टोपी से ढकने, सनस्क्रीन का प्रयोग करने और टाइट जूते, हील्स और मोजे न पहनने की सलाह दी.

उन्होंने आगे कहा कि गर्भवती महिलाओं को एसी या कूलर का प्रयोग करते समय ध्यान रखना चाहिए कि कमरे का तापमान 24 से 26 डिग्री पर रहे. एसी की समय-समय पर सर्विसिंग कराएं और सीधे हवा से बचें. कमरे में वेंटिलेशन अच्छा होना चाहिए. इसके अलावा, योग और व्यायाम के लिए सुबह जल्दी या शाम के समय का चयन करें, जब मौसम ठंडा हो. उन्होंने यह भी कहा कि खुली और हवादार जगह में प्राणायाम, तितली आसन जैसे हल्के योगासन फायदेमंद होते हैं.

इस लक्षणों पर रखें नजर

डॉ. मीरा पाठक ने आगे कहा कि अगर ज्यादा पसीना आ रहा है, बुखार हो रहा है, पेट में तेज दर्द है, दस्त हो रहे हैं, पेशाब कम या गाढ़े रंग की हो रही है, बच्चा कम हरकत कर रहा है, चक्कर या बेहोशी जैसा महसूस हो रहा है, तो यह गंभीर संकेत हैं और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: क्या नींबू और शहद मिलाकर गुनगुना पानी पीने से फैट कम होता है? क्या है सच्चाई, यहां जानिए

नई माओं के लिए टिप्स

पहली बार मां बनने वाली महिलाओं के लिए उपयोगी सलाह देते हुए डॉ. ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है. उन्होंने सुझाव दिया कि महिलाओं को अपने शरीर के संकेतों को समझना चाहिए और किसी भी लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. इसके अलावा, संतुलित और पौष्टिक डाइट लेना बेहद जरूरी है, जिसमें कम से कम पांच अलग-अलग रंगों के फूड्स जैसे हरी सब्जियां, फल, अनाज और प्रोटीन शामिल हों.

इसके अलावा, उन्होंने पर्याप्त नींद पर भी जोर दिया और कहा कि रात में 8 घंटे की नींद और दिन में 2 घंटे का आराम जरूरी है. उन्होंने गर्भवती महिलाओं को तनाव से बचने और मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखने की सलाह दी, क्योंकि तनाव मां और बच्चे दोनों के लिए हानिकारक हो सकता है. साथ ही, नियमित रूप से डॉक्टर से जांच कराने और उनकी सलाह का पालन करने की बात कही.

डॉ. पाठक ने विशेष रूप से गर्मियों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी, क्योंकि इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही मां और बच्चे की सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है. उन्होंने अंत में जोर देकर कहा कि सतर्कता और सही देखभाल से गर्भावस्था को सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सकता है.

Watch Video: Male Infertility क्या है? पुरुष बांझपन के लक्षण, कारण और इलाज, जानें सब कुछ

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Summer Care Tips For Pregnant Women, How Should Pregnant Women Stay Healthy, Doctor’s Advice, Pregnancy Care In Hot Weather, What To Do And Avoid During Pregnancy, Best Ways To Keep Cool During Pregnancy, Pregnancy Hydration Tips For Summer, Heat-related Issues, Safe Diet And Lifestyle For Summer Pregnancy, Precautions For Expecting Mothers In Hot Weather, How To Prevent Dehydration In Pregnancy During Summer, Doctor’s Recommendations For Summer Pregnancy Care, Summer Pregnancy Wellness Guide
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com