- एम्स दिल्ली ने ऑनलाइन ओपीडी अपॉइंटमेंट सेवा शुरू की है, जिससे घर बैठे आसानी से स्लॉट बुक किया जा सकता है.
- मरीज अपनी बीमारी के मुताबिक विभाग चुनकर उपलब्ध तारीख व समय के हरे रंग वाले स्लॉट में अपॉइंटमेंट बुक कर सकता है
- अपॉइंटमेंट के लिए बुकिंग स्लिप, पहचान पत्र और पुरानी मेडिकल रिपोर्ट्स साथ लेकर अस्पताल जाना आवश्यक है.
AIIMS Delhi OPD appointment online: एम्स (AIIMS) नई दिल्ली में ओपीडी में मरीजों को दिखाना अब और भी आसान हो गया है. दरअसल, नई एम्स दिल्ली ने लंबी लाइनों और घंटों इंतजार करने की झंझट से मरीजों व उनके तीमारदारों को बचने के लिए ऑनलाइन ओपीडी सेवा शुरू कर दी है. इसकी मदद से मरीज अब घर बैठे ऑनलाइन ओपीडी (OPD) अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं. इसके लिए केंद्र सरकार के ऑफिशियल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम यानी ORS पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके जरिए कुछ ही क्लिक में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो जाती है. एम्स दिल्ली की ओपीडी में जाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बेहद आसान है. नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके मरीज या उनके रिश्तेदार आसानी से अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं.
- सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउज़र में आधिकारिक वेबसाइट ors.gov.in या https://ors.gov.in खोलें और होम पेज पर दिए गए Book Appointment विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना सक्रिय मोबाइल नंबर या आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट यानी ABHA ID दर्ज करें और प्राप्त ओटीपी के जरिए से लॉगिन प्रक्रिया पूरी करें.
- लॉगिन करने के बाद अपने राज्य के तौर पर Delhi चुनें और अस्पतालों की सूची में से AIIMS, New Delhi पर क्लिक करें.
- अगर आप पहली बार एम्स जा रहे हैं, तो New Appointment चुनें. वहीं, अगर आपके पास पहले से एम्स का यूएचआईडी (UHID) नंबर मौजूद है, तो Follow Up Appointment विकल्प पर क्लिक करें.
- अपनी बीमारी या स्वास्थ्य समस्याओं के मुताबिक संबंधित विभाग जैसे Medicine, ENT, Ortho, Cardiology वगैरह का चुनाव करें.
- स्क्रीन पर दिखने वाले कैलेंडर में हरे रंग से दर्शाई गई उपलब्ध तारीख और समय का स्लॉट चुनें.
- मरीज का नाम, उम्र, पता और दूसरे जरूरी जानकारी भरकर सबमिट करें. बुकिंग कन्फर्म होते ही आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस (SMS) आ जाएगा, जिसके बाद आप अपनी Appointment Slip डाउनलोड कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- क्या आपका कंफर्म ट्रेन टिकट किसी दूसरे को ट्रांसफर हो सकता है? जानें रेलवे के नियम, प्रक्रिया और समय सीमा
आसानी से स्लॉट पाने के लिए जरूरी टिप्स
- एम्स दिल्ली में ऑनलाइन स्लॉट की संख्या सीमित होती है और कुछ ही मिनटों में वे भर जाते हैं. ऐसे में नए स्लॉट खुलने के समय यानी सुबह 8:00 बजे या रात 12:00 बजे पोर्टल पर पहले से लॉगिन करके तैयार रहें.
- अगर वेबसाइट धीमी चल रही हो या इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या आ रही हो, तो आप सोमवार से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच एम्स के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 01126589142 या 9143, 9144, 9145 पर कॉल करके भी अपॉइंटमेंट बुक करवा सकते हैं.
- अस्पताल जाते समय अपनी बुक की गई अपॉइंटमेंट स्लिप का प्रिंटआउट, आधार कार्ड या कोई अन्य वैध सरकारी पहचान पत्र और अपनी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट्स साथ जरूर रखें.
ये भी पढ़ें- केमिस्टों की लूट से बचाएगा Pharma Sahi Daam app, जानिए कैसे करें इस्तेमाल और शिकायत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं