सर्दियों का मौसम आते ही हमारे घरों में बड़े-बुजुर्ग गोंद के लड्डू बनाना शुरू कर देते हैं. उनका कहना है कि गोंद से तैयार लड्डू सेहत का खजाना होते हैं. सर्दियों में अगर आप इसका सेवन करते हैं, तो इससे न सिर्फ आपका शरीर गर्म रहता है. बल्कि ये हड्डियों की मजबूती को भी बढ़ावा दे सकते हैं. इसके अलावा गोंद के लड्डू का सेवन करने से आपको कई फायदे हो सकते हैं. लेकिन अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि उन्हें 1 दिन में कितने लड्डू खाने चाहिए? अगर आपके मन में भी ये सवाल है, तो यहां हम इसका जवाब जानेंगे. इसकी जानकारी के लिए हमने यशोदा हॉस्पिटल की डायटीशियन श्वेता ए से बातचीत की. यहां विस्तार से जानते हैं 1 दिन में कितने गोंद के लड्डू खाने चाहिए?
एक दिन में कितने गोंद के लड्डू खाने चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट स्वेता का कहना है कि एक हेल्दी व्यक्ति को पूरे दिन में 1 से 2 गोंद के लड्डू यानि 20 से 50 ग्राम करीब गोंद के लड्डू खाने चाहिए. इससे ज्यादा लड्डू न खाएं. दरअसल, इस लड्डू में घी, ड्राई फ्रूट्स, चीनी या गुड़ का इस्तेमाल होता है, जो कैलोरी से भरपूर होते हैं. अगर आप काफी ज्यादा लड्डू खाते हैं, तो इससे शरीर का वजन बढ़ सकता है. वहीं, कुछ लोगों को पाचन से जुड़ी दिक्कतें भी हो सकती हैं. इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करें. वहीं, आप गोंद के लड्डू को सुबह या शाम में दूध के साथ ले सकते हैं. इससे आपको काफी फायदे मिल सकते हैं.
रोजाना गोंद के लड्डू खाने के क्या फायदे होते हैं?
जोड़ों के दर्द से राहत : अगर आप रोजाना गोंद के लड्डू का सेवन करते हैं, तो इससे आपको भरपूर रूप से कैल्शियम प्राप्त होता है. इसके साथ ही ये कई तरह के मिनरल्स से भरपूर होते हैं, जो जोड़ों के दर्द और हड्डियों से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने में प्रभावी हो सकते हैं.
शरीर को मिलती है एनर्जी : डायटीशियन बताती हैं कि अगर आप जल्दी थक जाते हैं, तो आपके लिए गोंद से तैयार लड्डू एक अच्छा विकल्हो सकता है. बादाम, घी और काजू से तैयार ये लड्डू आपके शरीर को इंस्टेंट एनर्जी देता है. वहीं, ये सर्दियों में एनर्जी बूस्ट करने में मददगार साबित हो सकता है.
इम्यूनिटी होगी बूस्ट : सर्दियों में होने वाली सर्दी जुकाम की परेशानी को दूर करने के लिए आप गोंद से तैयार लड्डू का सेवन कर सकते हैं. ये वायरल इंफेक्शन की समस्याओं को दूर करने में प्रभावी हो सकता है. गोंद के लड्डू में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बूस्ट कर सकता है. साथ ही इंफेक्शन से लड़ने में प्रभावी हो सकता है.
पाचन को करे दुरुस्त: गोंद के लड्डू का अगर आप सीमित मात्रा में सेवन करते हैं, तो इससे पाचन क्रिया को मजबूत किया जा सकता है. इसके सेवन से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहता है. वहीं, कब्ज और अपच की परेशानी से राहत मिल सकती है.
महिलाओं के लिए है फायदेमंद : गोंद के लड्डू खासतौर पर महिलाओं के लिए लाभकारी माने जाते हैं. प्रसव के बाद महिलाओं को ताकत और रिकवरी के लिए गोंद के लड्डू खिलाए जाते हैं. यह शरीर की कमजोरी दूर करने और ताकत बढ़ाने में मदद करता है.
ये भी पढ़ें - सर्दियों में रोज खाएं 1 गोंद का लड्डू, नस-नस में भर जाएगी ताकत, नोट करें आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं