हरियाणा की रहने वाली पूजा को बाहर का खाना बेहद पसंद था. NDTV से बातचीत में उन्होंने बताया कि जब तक वह दिन में एक बार बाहर का खाना न खा लें, उन्हें संतुष्टि नहीं मिलती थी. हालांकि, इस आदत की वजह से उन्हें अक्सर पेट से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता था.
पूजा ने आगे बताया कि एक दिन बाहर का खाना खाने के बाद उन्हें तेज दर्द, जलन और अपच जैसी परेशानी होने लगी. इस घटना ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया. तब उन्हें एहसास हुआ कि अपनी डाइट में कुछ हेल्दी शामिल करना बेहद जरूरी है. इसके बाद उन्होंने खुद से वादा किया और अगले 15 दिनों तक रोजाना अपनी थाली में दही को शामिल किया.
दही को सुपरफूड क्यों कहा जाता है?
दही को एक सुपरफूड माना जाता है, क्योंकि इसके सेहत के लिए कई फायदे हैं. दही पोषक तत्वों से भरपूर होता है. यह प्रोटीन और कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत है, इसमें बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन, फॉस्फोरस, पोटैशियम और मैग्नीशियम भी पाए जाते हैं. यह मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करता है और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है.
दही बनाने के लिए लैक्टोबैसिलस बुल्गारिकस और स्ट्रेप्टोकोकस थर्मोफिलस जैसे प्रोबायोटिक्स का इस्तेमाल किया जाता है. ये दूध को फर्मेंट करते हैं और उसमें मौजूद लैक्टोज को लैक्टिक एसिड में बदल देते हैं. दही को रोजाना अपनी डाइट में शामिल करने से सेहत को कई तरह के फायदे मिल सकते हैं.
हर दिन दही खाने से पूजा को क्या बदलाव नजर आएं?
पाचन में सुधार
पूजा ने बताया, 'जब मैंने रोजाना दही खाना शुरू किया, तो कुछ ही दिनों में मेरा पेट साफ रहने लगा और मुझे काफी हल्का महसूस होने लगा.' मुझे महसूस हुआ कि मेरे शरीर में अच्छे बैक्टीरिया बढ़ रहे हैं, जिससे पाचन भी बेहतर हो गया. दही पेट के हानिकारक बैक्टीरिया को कम करता है और हमारे पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है. मुझे कब्ज और अपच जैसी परेशानियों से भी राहत मिली. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की रिसर्च में भी बताया गया है कि नियमित रूप से दही खाने से गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल हेल्थ में सुधार होता है."
नैचुरल इम्यूनिटी बूस्टर
पूजा का कहना था कि जब उन्होंने रोजाना दही खाना शुरू किया, तो उन्हें महसूस हुआ कि उनकी इम्यूनिटी पहले से बेहतर होने लगी है. पूजा ने बताया, 'मैं पहले अक्सर छोटी-छोटी बीमारियों से परेशान रहती थी, लेकिन धीरे-धीरे मेरा शरीर मजबूत महसूस होने लगा.' दही में मौजूद मैग्नीशियम, सेलेनियम और जिंक जैसे पोषक तत्व इम्यूनिटी को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं.
ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करता है
पूजा ने आगे कहा कि जब उन्होंने घर का बना, बिना चीनी वाला दही रोज खाना शुरू किया, तो उन्हें अपने ब्लड शुगर लेवल में भी फर्क महसूस होने लगा. उनका कहना था कि मेरा शुगर लेवल पहले की तुलना में ज्यादा कंट्रोल में रहने लगा.
हड्डियों के लिए अच्छा
पूजा ने बताया कि जब मैंने रोजाना दही खाना शुरू किया, तो कुछ ही दिनों में मुझे अपनी हड्डियों में फर्क महसूस होने लगा. पहले जहां थोड़ी-सी कमजोरी महसूस होती थी, वहीं अब शरीर पहले से ज्यादा मजबूत लगने लगा.
कैंसर का खतरा कम करता है
दही में एंटी-कार्सिनोजेनिक गुण होते हैं और यह शरीर को कोलन, ब्लैडर और ब्रेस्ट कैंसर से बचाने के लिए जाना जाता है. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की रिसर्च के मुताबिक, रोजाना ज्यादा दही खाने से आंत के कैंसर का खतरा कम हो जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं