देश के कई हिस्सों में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है. राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के मेडिकल ICU में भर्ती हैं. वहीं दिल्ली-NCR में भी संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों में मास्क पहनने की सलाह दी गई है और फरीदाबाद, गाजियाबाद तथा नोएडा समेत कई इलाकों में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है.
मंगलवार देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है. दूसरी ओर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभागों ने निगरानी बढ़ा दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि H1N1 कोई नया वायरस नहीं है, लेकिन मौसमी परिस्थितियों के कारण इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा H1N1 संक्रमण के बाद ICU में भर्ती हैं. उधर, दिल्ली-NCR में बढ़ते स्वाइन फ्लू मामलों के बीच स्कूलों में मास्क पहनने की सलाह दी गई है और नोएडा, गाजियाबाद व फरीदाबाद में स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है.
मंत्री के अस्पताल में एडमिट होने की खबर मिलते ही सियासी गलियारों से लेकर उनके समर्थकों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई है. अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की पूरी टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है.
ICU के बेड नंबर 2 पर भर्ती, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की हालत को देखते हुए उन्हें एसएमएस अस्पताल के मेडिकल आईसीयू के बेड नंबर 2 पर रखा गया है.
- इन्फेक्शन दूसरों तक न फैले, इसलिए एहतियात के तौर पर उनके बेड के आसपास का दायरा सील कर दिया गया है.
- अस्पताल प्रशासन ने मरीज और ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए कड़े प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं.
- किसी भी बाहरी व्यक्ति के सीधे मिलने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है ताकि संक्रमण का खतरा न रहे.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जाना हालचाल
डॉ. मीणा की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक्टिव हो गए. मुख्यमंत्री ने खुद फोन करके डॉ. मीणा से बात की और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली. इसके अलावा सीएम ने डॉ. मीणा के भाई जगमोहन मीणा से भी लंबी बातचीत करके स्थिति का जायजा लिया.
सीएम भजनलाल शर्मा ने एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी को साफ निर्देश दिए हैं कि मंत्री के इलाज में किसी भी तरह की कोई कमी न रहे और उन्हें बेस्ट से बेस्ट मेडिकल सुविधाएं दी जाएं.
अस्पताल में बनाई गई स्पेशल मेडिकल टीम
एसएमएस अस्पताल के डॉक्टर्स की एक स्पेशल टीम लगातार डॉ. मीणा के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग कर रही है.
- विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल उनके वाइटल्स और फेफड़ों के इन्फेक्शन की जांच कर रहा है.
- जरूरी दवाइयां और ऑक्सीजन सपोर्ट की व्यवस्था पहले से तैयार रखी गई है.
- डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत पर पूरी निगरानी है और इलाज का असर देखा जा रहा है.
उधर, विपक्ष के नेताओं ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट लिखकर डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के जल्द ठीक होने की दुआ की है.
अगस्त में अचानक 8 गुना बढ़े स्वाइन फ्लू के केस
स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों पर नजर डालें तो राजस्थान में इस बार स्वाइन फ्लू के मामले बहुत तेजी से बढ़े हैं. इस साल अगस्त के शुरुआती 15 दिनों में ही पूरे प्रदेश में 129 स्वाइन फ्लू के केस दर्ज किए जा चुके हैं.
अगर पिछले साल की बात करें, तो इसी दौरान सिर्फ 16 मामले सामने आए थे. यानी पिछले साल के मुकाबले इस बार अगस्त महीने में मामलों में करीब 8 गुना तक की भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. हालांकि, राहत की बात यह है कि इस साल अब तक राजस्थान में स्वाइन फ्लू से किसी भी मरीज की मौत की खबर नहीं है.
स्वास्थ्य मंत्री ने ली आपात बैठक
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने भी मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की. इस मीटिंग में स्वाइन फ्लू समेत तमाम मौसमी बीमारियों की रोकथाम और निगरानी को लेकर समीक्षा की गई.
डॉ. मीणा के बीमार होने की खबर मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने भी फोन पर उनसे बातचीत की और डॉक्टरों को तुरंत उचित और बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए.
पड़ोसी राज्यों में बढ़ते मामलों से अलर्ट पर राजस्थान
दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों में भी फ्लू के मामलों में तेजी देखी जा रही है. इसी को देखते हुए राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग ने पूरे राज्य में सर्विलांस बढ़ा दिया है.
- सभी जिला और संभागीय अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आइसोलेशन वार्ड और जरूरी बेड तैयार रखें.
- दवाओं और टेस्टिंग किट का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है.
- भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है.
विशेषज्ञों की राय: क्या कोई नया वायरस है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय जो इन्फेक्शन फैल रहा है, वह H1N1 इन्फ्लूएंजा का सामान्य मौसमी पैटर्न ही है. यह कोई नया वायरस या नया स्ट्रेन नहीं है. मौसम में बदलाव और नमी की वजह से वायरस तेजी से फैलता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही यह नया स्ट्रेन नहीं है, लेकिन जिस तरह से केस बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत है. यदि सर्दी, जुकाम, तेज बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखें तो बिना देर किए डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: H1N1 में सिरदर्द कब बन जाता है मेडिकल इमरजेंसी? डॉक्टर ने बताए रेड फ्लैग
H1N1 Swine Flu: सर्दी-जुकाम है या H1N1? डॉ. संदीप नायर ने बताए पहचान के आसान संकेत | Watch Video
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं