विज्ञापन

फुट कॉर्न (गोखरू) का घर बैठे करें इलाज, इन 5 कारणों से बढ़ती है ये समस्या

पैरों के तलवों में स्किन की गांठ फुट कॉर्न कहलाती है. इसका घर पर आसानी से इलाज हो सकता है. यहां डॉक्टर से जानते हैं इसके बारे में-

फुट कॉर्न (गोखरू) का घर बैठे करें इलाज, इन 5 कारणों से बढ़ती है ये समस्या
Foot Corn Remedies : घर पर कैसे करें फुट कॉर्न का इलाज?

चलते समय पैर में चुभन, दर्द या किसी एक जगह पर सख्त गांठ जैसी महसूस होना अक्सर गोखरू या कॉर्न  का संकेत हो सकता है. इस तरह की समस्या आमतौर पर पैरों पर लगातार दबाव या घर्षण पड़ने की वजह से होती है. शुरुआत में लोग इसे मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन समय के साथ ये चलने-फिरने और जूते पहनने में परेशानी पैदा कर सकता है.

दिल्ली स्थित सीके बिड़ला हॉस्पिटल के कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. अमित प्रकाश सिंह बताते हैं कि कॉर्न्स स्किन के छोटे, सख्त और मोटे हिस्से होते हैं, जो बार-बार दबाव या रगड़ पड़ने के कारण विकसित होते हैं. ये आमतौर पर पैर की उंगलियों, तलवों या उंगलियों के बीच दिखाई देते हैं. इस परेशानी का घर पर कुछ तरीकों से इलाज किया जा सकता है. यहां जानते हैं-

कॉर्न्स होने के क्या कारण हैं?

गलत फिटिंग वाले जूते: बहुत टाइट जूते पैर की उंगलियों पर दबाव डालते हैं. वहीं, ढीले जूतों में पैर बार-बार रगड़ खाते हैं. इससे कॉर्न्स बनने की आशंका बढ़ जाती है.

हाई हील्स पहनना: हाई हील्स पहनने से शरीर का वजन पैर के अगले हिस्से पर अधिक पड़ता है, जिससे वहां दबाव बढ़ सकता है.

पैरों की बनावट में गड़बड़ी: हैमर टो, बनियन या चलने के तरीके में बदलाव के कारण पैरों के कुछ हिस्सों पर ज्यादा दबाव पड़ता है, जिससे कॉर्न्स बन सकते हैं.

बिना मोजे के जूते पहनना: मोजे न पहनने से त्वचा और जूतों के बीच घर्षण बढ़ सकता है, जिससे स्किन मोटी और सख्त होने लगती है.

लंबे समय तक खड़े रहना या चलना: लगातार एक ही जगह पर दबाव पड़ने से त्वचा मोटी हो सकती है और कॉर्न्स विकसित हो सकते हैं.

घर पर कॉर्न्स का इलाज कैसे करें?

गुनगुने पानी में पैर भिगोएं: पैरों को 10 से 15 मिनट तक गुनगुने साबुन वाले पानी में भिगोने से सख्त त्वचा नरम हो सकती है.

प्यूमिक स्टोन का इस्तेमाल करें: स्किन नरम होने के बाद प्यूमिक स्टोन या फुट फाइल से कॉर्न की ऊपरी सख्त त्वचा को हल्के हाथों से साफ किया जा सकता है. इसे जोर से न रगड़ें और ब्लेड या किसी धारदार चीज से कॉर्न को काटने की कोशिश न करें.

मॉइस्चराइजर लगाएं: रोजाना पैरों पर मॉइस्चराइजर लगाने से त्वचा मुलायम बनी रहती है. यूरिया या लैक्टिक एसिड युक्त क्रीम सख्त त्वचा को नरम करने में मदद कर सकती हैं. हालांकि, सैलिसिलिक एसिड वाली क्रीम या कॉर्न प्लास्टर का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए.

प्रेशर कम करने वाले पैड लगाएं: सिलिकॉन या फेल्ट से बने सुरक्षात्मक पैड कॉर्न पर पड़ने वाले दबाव और घर्षण को कम करने में मदद कर सकते हैं.

सही जूते पहनें: ऐसे जूते चुनें जिनमें पैर की उंगलियों को पर्याप्त जगह मिले और तलवों में अच्छी कुशनिंग हो. आरामदायक मोजे पहनने से भी घर्षण कम हो सकता है.

कॉर्न्स से बचाव कैसे करें?

पैरों को साफ और सूखा रखें, नाखूनों को नियमित रूप से काटें और ऐसे जूते पहनें जो न ज्यादा टाइट हों और न ही ढीले. जूते खरीदते समय ध्यान रखें कि दिन के बाद के समय में पैर थोड़े सूजे हुए हो सकते हैं, इसलिए उस समय जूतों की फिटिंग जांचना उपयोगी हो सकता है. लंबे समय तक एक ही तरह के जूते पहनने से बचें और पैरों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने की कोशिश करें.

ये भी पढ़ें - पुरूषों के लिए औषधी है ये कांटेदार पौधा, स्पर्म काउंट बढ़ाने से लेकर इन समस्याओं में फायदेमंद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Foot Corn Remedies, Foot Care, CK Birla Hospital Delhi, Doctors, Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com