World Brain Awareness Week 2026: आजकल संगीत हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है. काम करते समय, पढ़ाई के दौरान या यात्रा में लगभग हर कोई संगीत सुनता है. लेकिन एक बड़ा सवाल अक्सर उठता है. क्या संगीत सुनने से वास्तव में दिमाग तेज होता है? क्या यह हमारी याददाश्त और एकाग्रता को बेहतर बना सकता है? विशेषज्ञों के अनुसार, इसका जवाब पूरी तरह से 'हां' या 'नहीं' में नहीं है, बल्कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस तरह का संगीत सुन रहे हैं और कब सुन रहे हैं.
आकाश हेल्थकेयर की डायरेक्टर एंड एचओडी-न्यूरोलॉजी डॉ. मधुकर भारद्वाज बताते हैं, “संगीत का हमारे दिमाग पर गहरा प्रभाव पड़ता है. जब हम संगीत सुनते हैं, तो दिमाग के कई हिस्से एक साथ सक्रिय हो जाते हैं- जैसे याददाश्त, भावनाएं और ध्यान से जुड़े क्षेत्र."

संगीत और दिमाग का वैज्ञानिक संबंध-
शोध के अनुसार, संगीत सुनने से दिमाग में डोपामिन नामक 'फील गुड' हार्मोन रिलीज होता है, जिससे मूड बेहतर होता है और तनाव कम होता है. यही वजह है कि संगीत सुनने के बाद व्यक्ति अधिक आराम और सकारात्मक महसूस करता है. डॉ. कहते हैं, “संगीत एक तरह का दिमाग का उत्तेजक है, जो न्यूरॉन्स के बीच संबंधों को सक्रिय करता है. इससे दिमाग की कार्यक्षमता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है."
क्या संगीत से याददाश्त बढ़ती है?
कुछ शोध यह भी बताते हैं कि संगीत, विशेष रूप से इंस्ट्रुमेंटल या क्लासिकल संगीत, याददाश्त और सीखने को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार, हल्का और सॉफ्ट संगीत पढ़ाई के दौरान ध्यान केंद्रित करने में मदद करता है. हालांकि, हर व्यक्ति के लिए इसका प्रभाव अलग-अलग हो सकता है.
एकाग्रता बढ़ाने में मददगार या बाधा?
संगीत एकाग्रता बढ़ा सकता है, लेकिन यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि आप क्या सुन रहे हैं. तेज और लिरिक्स वाला संगीत कई बार ध्यान भटका सकता है, खासकर जब आप किसी जटिल काम में लगे हों. डॉ. बताते हैं, “अगर काम अधिक एकाग्रता मांगता है, तो बिना लिरिक्स वाला संगीत ज्यादा बेहतर रहता है. वहीं, साधारण कामों के दौरान कोई भी पसंदीदा संगीत सुना जा सकता है."
तनाव और चिंता में राहत-
संगीत का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह तनाव और चिंता को कम करता है. धीमा और सुकून देने वाला संगीत सुनने से हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर भी नियंत्रित हो सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि संगीत थेरेपी आजकल मानसिक स्वास्थ्य सुधारने के लिए एक प्रभावी तरीका बनती जा रही है.

क्या हर तरह का संगीत फायदेमंद है?
यह जरूरी नहीं कि हर तरह का संगीत दिमाग के लिए अच्छा हो. बहुत तेज आवाज में या लंबे समय तक संगीत सुनना नुकसानदायक हो सकता है, खासकर अगर आप हेडफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं. डॉ. चेतावनी देते हैं, “लाउड संगीत और लंबे समय तक हेडफोन का इस्तेमाल सुनने की क्षमता को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे दिमाग पर भी अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ता है."
बच्चों के लिए कितना फायदेमंद?
बच्चों के दिमाग के विकास में भी संगीत एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. संगीत सीखने या किसी वाद्य यंत्र को बजाने से बच्चों की रचनात्मकता, याददाश्त और समस्या सुलझाने की क्षमता बेहतर होती है.
कैसे करें सही इस्तेमाल?
- पढ़ाई के दौरान सॉफ्ट या इंस्ट्रुमेंटल संगीत चुनें.
- बहुत तेज आवाज में संगीत न सुनें.
- लगातार हेडफोन का इस्तेमाल करने से बचें.
- अपने मूड और काम के अनुसार संगीत का चुनाव करें.
संगीत सुनना दिमाग के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे कैसे और कितनी मात्रा में इस्तेमाल कर रहे हैं. डॉ. का कहना है, “संगीत दिमाग को सक्रिय और आराम दोनों कर सकता है, लेकिन संतुलन जरूरी है. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह दिमाग की सेहत के लिए एक बेहतरीन टूल बन सकता है." इसलिए अगली बार जब आप संगीत सुनें, तो सिर्फ मनोरंजन के लिए ही नहीं, बल्कि अपने दिमाग की सेहत को ध्यान में रखते हुए भी सुनें.
ये भी पढ़ें- वजन घटाना होगा अब सस्ता! जानें क्यों कम हो रहे हैं वेट लॉस इंजेक्शन के दाम, कैसे काम करती है ये दवा
क्या चौथी स्टेज पर ठीक हो सकता है कैंसर? Dr Vivek Mangla से जानें How to Avoid Colon Cancer | Read
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं